हरियाणा पुलिस में महिला बटालियन ‘दुर्गा’, नए सिरे से होगी महिलाओं की भर्ती !

चंडीगढ़: हरियाणा में पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से शुरू होगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को पुलिस भर्ती में आयु में पांच साल की छूट का लाभ देने के लिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। राज्‍य में पहली बार पुलिस की महिला बटालियन दुर्गा में भर्तियां होंगी। हरियाणा पुलिस ने 6000 पदों की भर्ती रद कर 7298 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की|
हरियाणा पुलिस की ओर से हरियााा कर्मचारी चयन आयोग को पहले छह हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती के लिए अनुरोध पत्र भेजा गया था, जिसे वापस लेकर नए सिरे से 7298 पदों पर भर्ती करने का अनुरोध पत्र जारी किया गया है। अब पहली बार 698 पदों के साथ हरियाणा में महिला बटालियान दुर्गा का गठन किया जाएगा। पहले से जारी छह हजार पदों के लिए करीब पांच लाख युवाओं ने आवेदन कर रखा है।
हरियाणा पुलिस की एडीजीपी (मुख्यालय) कला रामचंद्रन की ओर से मंगलवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को पत्र भेजकर छह हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया रोक लेने का आग्रह किया गया। उनके आग्रह पर आयोग की ओर से भर्ती प्रक्रिया रोकने संबंधी परिपत्र जारी कर दिया गया, लेकिन मंगलवार शाम को ही आयोग को दस फीसदी पदो में बढ़ोतरी के साथ पुलिस की भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने का अनुरोध किया गया। इनमें अब पुरुष पुलिस कर्मियों के 5500 तथा महिला पुलिस कर्मियों के 1100 पद शामिल हैं।