मनोज भाटी हत्याकांड : दो शूटर सहित चार बदमाश गिरफ्तार !

-बंधवाड़ी कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट पर हुआ झगड़ा बना हत्या की वजह
-अरावली में बनाया था छिपने का गुप्त ठिकाना
फरीदाबाद : गांव अमीपुर निवासी कारोबारी मनोज भाटी हत्याकांड में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को अहम कामयाबी मिली है। इंस्पेक्टर विमल कुमार ने टीम के साथ दो शूटर सहित चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में गांव मांगर निवासी अशोक उर्फ पाटिल, नंगला एन्क्लेव निवासी विकास हरसाना, आया नगर दिल्ली निवासी सोनू और गांव अनंगपुर निवासी धर्मेंद्र शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच का दावा है कि विकास हत्या में इस्तेमाल की गई कोरोला कार चला रहा था, वहीं अशोक फा‌र्च्यूनर कार में मनोज के साथ मौजूद था। दोनों ने भाटी पर गोलियां भी चलाईं। हत्या में प्रयोग हुई सेकेंड हैंड कोरोला कार सोनू की है, जो उसने 15 दिन पहले एक व्यक्ति से इसी वारदात के लिए खरीदी थी। धर्मेंद्र ने आरोपितों के ठहराने का इंतजाम किया। वह भाटी की रेकी में भी शामिल था। क्राइम ब्रांच का दावा है कि भाटी की हत्या की साजिश मनोज मांगरिया ने रची थी। वारदात के दौरान वह खुद भी फा‌र्च्यूनर कार में मौजूद था।
डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि 25 सितंबर को बंधवाड़ी कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट पर मांगरिया और पवन हरसाना गुट के बीच झगड़ा हुआ था। इसमें भाटी की दखलंदाजी मांगरिया को नागवार गुजरी। उन्होंने बताया कि वारदात में 10 से 12 लोग शामिल हो सकते हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें छापेमरी कर रही हैं।
बदमाशों ने अरावली में अनंगपुर क्षेत्र में खूनी झील के पास छिपने का झोंपड़ीनुमा गुप्त ठिकाना बनाया था। दिन में वे भाटी की रेकी करते थे और रात में इसी ठिकाने पर आकर ठहरते थे। धर्मेंद्र उनके खाने-पीने का इंतजाम करता था। बदमाश करीब 15 दिन से भाटी की रेकी कर रहे थे। बुधवार को उन्होंने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। क्राइम ब्रांच का दावा है कि वारदात के बाद बदमाश तिगांव की तरफ भागे। कोरोला कार उन्होंने तिगांव में छोड़ दी। मनोज मांगरिया फा‌र्च्यूनर कार में कुछ शूटरों के साथ नोएडा की तरफ चला गया। बाकी वापस अरावली के गुप्त ठिकाने पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर विमल कुमार ने 3 दिसंबर को मनेाज मांगरिया के तीन शूटरों को पकड़ा था। उनसे कड़ी जोड़ते हुए गुप्त ठिकाने से आरोपितों को दबोचा।