सरकार का लोकतंत्र नहीं तानाशाही में विश्वास : कुमारी सैलजा

गुरुग्राम : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार का लोकतंत्र नहीं तानाशाही में विश्वास है। केंद्र सरकार के तानाशाही रवैये के कारण किसान आंदोलन में किसानों की जान जा रही है। इसके लिए सीधे तौर पर केंद्र व प्रदेश सरकार जिम्मेदार हैं। देश के किसान अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले लगभग तीन सप्ताह से कड़ाके की सर्दी में राजधानी की सीमाओं पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को सराय कमान स्थित कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा हुई। किसान आंदोलन में आत्महत्या करने वाले संत बाबा राम सिंह व उन किसानों को श्रद्धांजलि दी गई, जिनका निधन किसान आंदोलन के दौरान हुआ है। श्रद्धांजलि देने के बाद कुमारी सैलजा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने कानून बनाने से पहले किसी भी किसान और मजदूर संगठन से बात नहीं की। संसद में इन कानूनों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने पुरजोर तरीके से अपनी आवाज उठाई थी। राहुल गांधी द्वारा ट्रैक्टर यात्रा निकाली गई। भाजपा द्वारा तरह-तरह की भ्रांतियां किसानों के बारे में फैलाई जा रही हैं। भाजपा को सिर्फ बड़े-बड़े घराने दिखते हैं। भाजपा मानती है कि हर चीज पर हक इन बड़े-बड़े घरानों का हैं। भाजपा चाहती है कि किसान श्रमिक बनकर रह जाएं। भाजपा ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन इनका एक भी वादा पूरा नहीं किया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, कांग्रेस नेता राव कमलवीर सिंह, डा. शमशुद्दीन, सुधीर चौधरी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव आशीष दुआ, प्रदेश प्रवक्ता खालिद हुसैन व निकिता अरोड़ा, कार्यालय प्रमुख अशोक भास्कर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *