अब बादशाह खान (बीके) नहीं ‘अटल बिहारी वाजपेयी सिविल अस्पताल’

फरीदाबाद: राज्य सरकार ने बादशाह खान (बीके) अस्पताल का नाम बदल दिया है। अब इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर अटल बिहारी वाजपेयी सिविल अस्पताल कर दिया गया है। मंगलवार को इस संबंध में सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया।
वर्षों से जिला अस्पताल को बादशाह खान (बीके) अस्पताल के नाम से जाना जाता था। 200 बिस्तरों की क्षमता वाले इस अस्पताल का पहले बीके सामान्य अस्पताल नाम था। प्रदेश की भाजपा सरकार ने सामान्य अस्पताल का नाम बदलकर नागरिक अस्पताल कर दिया था। अब सरकार ने फिर से नए आदेश जारी कर नागरिक अस्पताल बीके का नाम बदल दिया है। इसे बादशाह खान सिविल अस्पताल की जगह अटल बिहारी वाजपेयी सिविल अस्पताल का नाम दिया गया है।
सरकार के निर्देश के बाद अस्पताल में होने वाले कार्यों में अब अटल बिहारी वाजपेयी सिविल अस्पताल लिखा जाने लगा है। स्वास्थ्य अधिकारियों की तरफ से होने वाले पत्राचार में भी अब इसी नाम का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने कहा कि नाम बदल दिया गया है। जल्द ही इसका बोर्ड मुख्य द्वार पर लगाया जाएगा। विभाजन के समय पाकिस्तान से यहां बड़ी संख्या में शरणार्थी आए थे। तब प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 5 जून 1951 को शरणार्थियों के लिए एक अस्पताल बनवाया। महात्मा गांधी के दोस्त खान अब्दुल गफ्फार खान के नाम पर इस अस्पताल का नाम रखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *