कानून वापस नहीं लिए जाने तक जारी रहेगा आंदोलन !

गुरुग्राम : कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले विभिन्न संगठनों ने सोमवार को शहर में प्रदर्शन किया। सभी मोर चौक से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय के सामने पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्त अमित खत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से नए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की गई है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे से लेकर रेलवे स्टेशनों पर ही नहीं बल्कि शहर के भीतर भी पुलिस हाई अलर्ट रही।
पिछले कई दिनों से कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन चल रहा है। जिले में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा का गठन किया गया है। मोर्चा की ओर से सोमवार को पहली बार प्रदर्शन किया गया। लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष व जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि जब तक कानून वापस नहीं लिए जाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यह कानून किसानों को बर्बाद कर देगा। आम आदमी पार्टी के नेता व नगर निगम पार्षद आरएस राठी ने कहा कि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कृषि कानून बनाए गए हैं। इसे काला कानून कहना गलत नहीं होगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव कमलबीर सिंह एवं सुधीर चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में कृषि कानूनों को वापस ले। कृषि कानूनों से देश का भला नहीं होने वाला।
सीटू नेता कामरेड सतबीर सिंह ने कहा कि केंद्र में पूंजीपतियों की सरकार है। इसे किसानों से कोई लेना देना नहीं। प्रदर्शन में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय सिंह दायमा, सचिव निकेश राज यादव, पूर्व सचिव नवीन यादव, पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य प्रवेश यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण शर्मा, जन अधिकार संगठन के अध्यक्ष बीर सिंह, कांग्रेस नेत्री सुनीता सहरावत, कुलराज कटारिया, पूर्व पार्षद गजे सिंह कबलाना, राव राजकमल, एटक नेता कामरेड अनिल पंवार, मारुति उद्योग कामगार यूनियन के महासचिव कुलदीप जांघू, एसएन दहिया आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *