विकास का सच : ढ़ाणी-जोनियावास मार्ग हुआ जर्जर, लोगों में सरकार व प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त
फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : फर्रुखनगर-छत्तर की ढ़ाणी-जोनियावास मार्ग की जर्जर अवस्था के चलते स्थानीय लोगों में सरकार व प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। पांच साल पहले जो लोग सड़क बनाने पर बीजेपी सरकार व उनके मंत्रियों को दुआ दे रहे थे, आज वहीं उन्हें कोसने पर मजबूर हो रहे है। लोगों का कहना है कि बीजेपी सरकार द्वारा दी गई सौगात उनके राज में ही जर्जर हो रही है। जिससे प्रतीत होता है कि सरकार कराये गए विकास के प्रति कितनी सजग है। क्षेत्र में नई सड़क बननी तो दूर बनाई गई सड़कों की मरम्मत तक नहीं हो पा रही है। जिसके कारण दुर्घटानाओं का ग्राफ भी बढ़ रहा है।
पूर्व नगर पार्षद नीरू शर्मा, बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व मंडल अध्यक्ष ज्योति यादव, राव रामबीर सिंह जमालपुरिया, जेपी यादव, सतेंद्र यादव, रामपत सैनी, रुपचंद सैनी, देशराज, आदि ने बताया कि हरियाणा राज्य कृषि विप्पणन बोर्ड द्वारा 5 दिसम्बर 2015 को 5.6 किलो मीटर लम्बी फर्रुखनगर से जोनियावास वायां छत्तर की ढ़ाणी सड़क का शिलान्यास ओमप्रकाश धनखड तत्कालीन कृषि विकास एवं पंचायत व सिंचाई मंत्री हरियाणा सरकार द्वारा हल्का बादशाहपुर के तत्कालीन विधायक एवं लोक निर्माण एवं वन मंत्री की अध्यक्षता में किया गया था। करीब एक वर्ष में इस मार्ग को सम्बंधित विभागीय अधिकारियों ने पूर्ण करके आमजन के आवागमन के लिए शुरु कर दिया था। लेकिन इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने इस मार्ग की ओर पलट कर नहीं देखा और उपेक्षा के चलते अच्छी खाशी सड़क खडडों में तबदील हो गई है। बार बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन व सरकार के कानों पर जूं रेंगने का नाम नहीं ले रही है। सड़क पर बने खडडे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए है। हैरत की बात तो यह है कि दोनों गांवों के बीच यह सुगम मार्ग कठिनाईयों युक्त हो गया है। इस मार्ग पर हर रोज सुबह और सांय के समय सैंकडों की संख्या में कस्बा व गांव की महिला पुरुष, बच्चे घूमने के लिए आते है। लेकिन सड़क की हालत ज्यादा खराब होने के कारण धीरे धीरे लोग इस सड़क से नाता तोडने लगे है। दुर्घटना का भय बना रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क बनाइ तो गांव व शहर के लोगों को आपस में छोटे रास्ते, ढ़ाणियों को जोडने के लिए थी। लेकिन सड़क जल्द टूटने से यही सड़क दुविधा का कारण बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सड़क की जर्जर हालत में सम्बधित विभाग के अधिकारियों ने कोई संज्ञान नही लिया तो वह मुख्यमंत्री को शिकायत करेंगे|