बारात लेकर जा रहे दूल्हे पर ताबड़तोड़ फायरिंग !

नई दिल्ली : पश्चिमी दिल्ली के मुंडका थाना क्षेत्र में एक बरात में उस समय अफरातफरी मच गई जब बग्गी पर सवार दूल्हे पर किसी ने गोली चला दी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने जब हमलावर को काबू करने की कोशिश की तो वह कार से एक व्यक्ति को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल, दोनों घायल अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, छह दिसंबर को रात सवा नौ बजे हिरण कूदना के पास एक जगह से गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली। आननफानन में मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल ले जाया चुका था।
पुलिस के अनुसार, गोली दूल्हे के बांह को आरपार करती हुई निकल गई। घायल दूल्हे का नाम रमन है। रमन दिल्ली के पालम गांव के निवासी हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश ने देखा कि बरात में मौजूद लोग अब उसे पकड़ सकते हैं तो उसने कार की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान बदमाश को दबोचने में जुटे रोहित को कार की टक्कर लग गई। रोहित गुरुग्राम के पातली गांव के रहने वाले हैं।
छानबीन में जुटे पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज से यह पता करने में जुटे हैं कि कार के अंदर कितने बदमाश सवार थे। कुछ लोग जहां हमलावर की संख्या एक बता रहे हैं वहीं कुछ का कहना है कि कार के अंदर भी बदमाश मौजूद थे। बहरहाल, पुलिस यह पता करने में जुटी है कि आखिर कितने हमलावर थे।
पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि यदि हमलावरों की संख्या एक से अधिक हुई तो यह किसी गिरोह का कारनामा हो सकता है। यदि हमलावर एक हुआ तो मामला रंजिश से जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुख्ता तौर पर आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही कुछ पता चलेगा। जिस प्रकार से बदमाश ने बरात में पहले केवल दूल्हे को निशाना बनाया, उससे यही लगता है कि उसके निशाने पर केवल दूल्हा ही था। बड़ा सवाल है कि आखिर आरोपित ने दूल्हे को क्यों गोली मारी। पुलिस का कहना है कि इस बारे में दूल्हे के स्वजन व दोस्तों से पूछताछ कर यह पता किया जा रहा है कि क्या रमन की किसी से दुश्मनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *