निकिता हत्याकांड : निकिता का भाई बोला, निकिता ने मरने से पहले बताया था तौसीफ और रेहान का नाम

फरीदाबाद : निकिता हत्याकांड मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरताज बासवाना की अदालत में निकिता की सहेली और बड़े भाई नवीन तोमर के बयान दर्ज किए गए। नवीन ने अदालत के सामने कहा कि गोली लगने के बाद वह निकिता को कार से अस्पताल ले जा रहा था। इसी दौरान घायल निकिता ने उसे तौसीफ और रेहान के द्वारा गोली मारने की जानकारी दी थी। इससे पहले उसने खुद भी आरोपी तौसीफ और रेहान को घटनास्थल से कार से भागते हुए देखा था।
उसने अदालत में मौजूद दोनों की पहचान भी कर दी गई है। वहीं निकिता के साथ मौजूद उसकी सहेली ने भी दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। उधर, बचाव पक्ष के वकील ने चश्मदीदों से करीब 10 सवाल पूछे। सुबह करीब 11 बजे चली अदालत की सुनवाई शाम चार बजे खत्म हो गई। अदालत ने केस में अन्य गवाहों के बयान के लिए 7, 8 व 9 दिसंबर की अगली तारीख मुकर्रर की है।
नवीन ने अदालत को बताया कि वह गोली लगने से घायल निकिता को कार से अस्पताल लेकर जा रहा था। रास्ते में लहूलुहान निकिता ने बताया था कि तौसीफ ने उसे गोली मारी है। बहन की यादों को अदालत में याद कर भाई नवीन भावुक हो गया। इसके बाद अदालत ने उसका बयान दर्ज कर लिया। वहीं, बचाव पक्ष के वकील पीएल गोयल, अनवर खान और अनीस खान ने नवीन से कई सवाल किए।
मालूम हो कि कॉमर्स की छात्रा निकिता तोमर की 26 अक्तूबर को बल्लभगढ़ में अग्रवाल कॉलेज के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप सोहना निवासी तौसीफ और उसके दोस्त रेहान पर है। मुकदमा अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सरताज बासवाना की अदालत में चल रहा है। मंगलवार को हत्या के चश्मदीद गवाह तरुण और निकिता की सहेली की गवाही हुई थी। बुधवार को निकिता के बड़े भाई नवीन व उसकी सहेली की गवाही हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *