किसान आंदोलन : दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर रजोकरी बॉर्डर तक जाम

गुरुग्राम : कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के दिल्ली कूच से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर एंबियंस माॅल के सामने से लेकर रजोकरी बॉर्डर तक शुक्रवार सुबह 8 बजे से लेकर दोपहर लगभग 12 बजे तक वाहन रेंगते नजर आये। इस वजह से काफी लोग समय से काम पर नहीं पहुंच पाए। हालांकि बृहस्पतिवार की अपेक्षा शुक्रवार को स्थिति काफी बेहतर रही। इसके पीछे मुख्य कारण गुरुग्राम पुलिस द्वारा सख्ती में ढील देना रहा।शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे से ही दिल्ली पुलिस ने रजोकरी बॉर्डर पर नाके लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी थी। शुक्रवार सुबह 8 बजे के बाद जैसे ही वाहनों का दबाव बढ़ा वैसे ही जाम जैसी स्थिति बनने लगी थी। कुछ ही देर में वाहनों की लाइनें एंबियंस माॅल के सामने तक पहुंच गई थी। इसका असर सर्विस लेन पर भी पड़ा। दरअसल, सुबह आठ बजे से 11 बजे के दौरान दिल्ली जाने वालों में अधिकतर कामकाजी लोग शामिल होते हैं। इस दौरान ट्रैफिक का दबाव बनने पर वे समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाते हैं। किसानों के दिल्ली कूच की वजह से अधिकतर लोग लगातार दो दिन समय पर अपने कार्यालय नहीं जा पाए।
किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस भी सभी सीमावर्ती इलाकों में सतर्क रही। नाके लगाकर वाहनों के ऊपर नजर रखी गई। बृहस्पतिवार की तरह एक-एक वाहन की जांच न किए जाने से सिरहौल बार्डर को छोड़कर कहीं भी ट्रैफिक का दबाव नहीं बना। रजोकरी बार्डर से लेकर एंबियंस माॅल तक ट्रैफिक का दबाव इसलिए घंटों बना रहा क्योंकि दिल्ली पुलिस की सख्ती में कमी नहीं। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि जिन जगहों पर बृहस्पतिवार को पुलिस अलर्ट थी, उन जगहों पर शुक्रवार को भी दिन भर अलर्ट रही। कहीं से भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। कहीं भी ट्रैफिक का दबाव न बढ़े, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *