सरकार ने किसानों को आर्थिक तौर पर तबाह कर दिया अब शारीरिक चोट पहुंचा रही है : दीपेंद्र हुड्डा

-हरियाणा से संविधान सभा के एकमात्र सदस्य चौ. रणबीर सिंह हुड्डा की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
रोहतक : देश का संविधान बनाने वाली संविधान सभा के सबसे युवा तथा हरियाणा से एकमात्र सदस्य एवं महान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा जी की 106वीं जयंती के अवसर पर आज गांव खेड़ी साध स्थित उनकी समाधि स्थल पर राज्य सभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान हवन, पूजा और प्रर्थना का आयोजन हुआ। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि मेरे लिए आज गर्व का दिन है क्योंकि, ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ 8 साल जेलों में बिताने वाले, संविधान निर्मात्री सभा के हरियाणा से एकमात्र और सबसे युवा सदस्य एवं आधुनिक हरियाणा का निर्माण करने वालों में से एक, मेरे पूज्य दादाजी चौ. रणबीर सिंह जी का जन्म भी 26 नवम्बर, 1914 को हुआ था और आज ही संविधान दिवस भी मनाया जाता है। उन्होंने आगे कहा कि लेकिन दुर्भाग्य की बात ये है कि चौ. छोटूराम जयंती के दिन प्रदेश में किसानों को गिरफ्तार किया गया और आज संविधान दिवस पर चौ. रणबीर सिंह जयंती के दिन संविधान को तार-तार करते हुए किसानों से विरोध करने के अधिकार को भी छीनने का काम कर रही है सरकार। किसानों की मांग जायज है हम उनका पूर्ण समर्थन करते हैं।
रोहतक में आज कई सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए सवाल किया कि कहा कि क्या दिल्ली पर किसानों का हक नहीं है? नये कृषि कानूनों से हरियाणा और पंजाब के किसानों को सबसे ज्यादा चोट लगेगी। सरकार किसानों के जख्मों पर मरहम लगाने की बजाय नमक छिड़कने का काम कर रही है। सरकार रात को दिन दिखाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आजादी से पहले MSP की कोई व्यवस्था नहीं थी। MSP का सबसे पहले प्रस्ताव 1948 में संविधान सभा में चौ. रणबीर सिंह जी ने रखा। उसके बाद धीरे धीरे MSP का कानून बना और उसमें फसलें जोड़ी गयी। लेकिन भाजपा सरकार ने 3 नये कृषि क़ानून बनाकर MSP सिस्टम पर सबसे बड़ा प्रहार कर दिया है। अहंकार में डूबी ये सरकार लोगों के फैसले को नहीं मान रही, किसानों की जायज मांगों को नहीं मान रही और लोकतंत्र में शान्तिप्रिय तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार को भी छीनने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगो के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन और दिल्ली कूच कर रहे किसानो पर सत्ता व पुलिसिया जोर की आजमाइश कतई बर्दाश्त करने लायक नही है। कोरोना का हवाला देकर किसान पर बंदिशे लगाने वाली सरकार खुद ठंड व महामारी के मौसम मे अन्नदाता पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें कर रही है, आंसू गैस के गोले दाग रही है। ये निर्दयता है। सरकार ने किसानों को आर्थिक तौर पर पहले ही तबाह कर दिया था अब शारीरिक चोट पहुंचा रही है और पूरी तरह उन्हें बर्बाद करने पर तुली हुई है। जायज़ माँगों के साथ लोकतांत्रिक ढंग से आन्दोलन कर रहे किसानों के रास्ते को हरियाणा की BJP+JJP सरकार पत्थर क्या पहाड़ रखकर भी नहीं रोक पाएगी। उन्होंने नये कृषि कानूनों को रद्द करने तथा MSP की गारंटी वाला कानून बनाने की मांग की। सांसद दीपेंद्र ने यह भी कहा कि MSP गारंटी के साथ ये प्रावधान भी हो कि MSP से कम में कोई खरीद होने पर जुर्माने के साथ सजा हो। क्योंकि बिना MSP की गारंटी दिये किसी भी क़ानून का कोई औचित्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *