दंगल गर्ल के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, बेबी बंप के साथ फोटो वायरल

चरखी दादरी : दंगल गर्ल के नाम से मशहूर अंतरराष्ट्रीय पहलवान, भाजपा नेत्री एवं हरियाणा महिला विकास निगम की चेयरपर्सन बबीता फौगाट के घर जल्द नन्हा मेहमान आने वाला है। बबीता फौगाट ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की है, जिसमें वह अपने पति विवेक के साथ बेबी बंप दिखाते हुए नजर आ रही है। तस्वीर के साथ ही बबीता ने यह भी बताया है कि जीवन में इस नए अध्याय को शुरू करने के लिए वे काफी उत्साहित और प्रतीक्षा कर रही हैं।
बबीता फोगाट द्वारा सोशल मीडिया पर बेबी बंप दिखाते हुए फोटो शेयर करने के बाद से ही फैन्स के द्वारा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। बालीवुड, राजनीति व खेल जगत से जुड़े लोग भी बबीता व विवेक को बधाई दे रहे हैं।
गौरतलब है कि दंगल गर्ल बबीता फोगाट ने एक दिसंबर 2019 को भारत केसरी पहलवान विवेक सुहाग के साथ शादी की थी। बबीता के पैतृक गांव बलाली में बेहद सादगी के साथ विवाह की रस्में पूरी की गई थी। महिला पहलवान बबीता फौगाट कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स व अन्य कई अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कुश्ती में पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। खेल में उनकी उपलब्धियों को देखते हुए सरकार द्वारा बबीता को हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया था। लेकिन वर्ष 2019 में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। बबीता फोगाट की बड़ी बहन दंगल गर्ल गीता फोगाट भी मां बन चुकी हैं। उन्‍होंने भी मां बनने के कुछ महीने पहले बेबी बंप के साथ एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *