फिर गहरा गया हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा विवाद, कई घायल

सोनीपत : हरियाणा-उत्तर प्रदेश सीमा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव जाजल और उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव निवाड़ा के किसान फिर आमने-सामने आ गए हैं। बृहस्पतिवार को जाजल गांव के किसान यमुना क्षेत्र से लगती अपनी जमीन जोतने गए तो निवाड़ा के किसानों ने उनपर हमला कर दिया। हमले में नौ किसान घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से चार किसानों को गंभीर हालत के चलते पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया गया। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक पुलिस कर्मी के भी चोटिल होने की सूचना है। आरोप है कि हमलावर किसानों ने दो ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त कर दिए और उन्हें यमुना नदी में धकेल दिया। पुलिस ने मामले में निवाड़ा के 10 किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरियाणा-उत्तर प्रदेश के बीच सीमा विवाद लंबे समय से चल रहा है। फसलों की कटाई और बिजाई के वक्त दोनों तरफ के किसान यमुना किनारे की जमीन को अपना बताते हैं और उनमें विवाद होता है। बताया जाता है कि चार दिन पहले भी गांव जाजल के किसान खेत में बिजाई करने गये थे तो वहां पर कहासुनी हो गई थी। इसी के चलते बृहस्पतिवार को गांव जाजल से करीब 15 किसान थाना राई पुलिस को साथ लेकर यमुना नदी के खादर क्षेत्र में जमीन पर बिजाई करने गए थे।
बताया जाता है कि किसानों को खेतों में काम करते देख निवाड़ा गांव से दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और जमीन पर अपना हक जताने लगे। जब जाजल के किसानों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने हमला कर दिया। हमले में पूर्व सरपंच रणधीर, सूरजभान नंबरदार, देवेंद्र, यशपाल, प्रवेश, सुंदर चौहान, हरीश चौहान, प्रदीप व अशोक चौहान घायल हो गए। सभी को सोनीपत नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से रणधीर, सूरजभान, देवेंद्र व यशपाल को गंभीर हालत के चलते पीजीआइ, रोहतक रेफर किया है।
आरोप है कि इस दौरान किसानों के साथ गए चार पुलिस कर्मियों में एक पुलिस कर्मी भी चोटिल हुआ है। किसानों का आरोप है कि निवाड़ा के लोगों ने हवाई फायर की और उनके दो ट्रैक्टर भी छीन लिए, जिन्हें क्षतिग्रस्त कर यमुना में धकेल दिया। मारपीट की सूचना मिलने पर राई तहसीलदार वेद सिंह, राई थाना प्रभारी विवेक मलिक, उत्तर प्रदेश के गांव निवाड़ा पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के एडीएम अमित व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। दोनों तरफ के अधिकारियों ने मामला शांत कराया और कागजों के अनुसार इस जमीन की दोबारा पैमाइश कराने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *