ये क्या : राव अजीत सिंह ने बेटे के खिलाफ रामपुरा थाना में दर्ज कराई शिकायत

रेवाडी : कई वर्षाें तक हरियाणा की राजनीति का केंद्र रहे रामपुरा हाउस का अंतर्कलह थाने तक पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह के मंझले बेटे राव अजीत सिंह ने अपने ही बेटे राव अर्जुन सिंह पर अभद्रता करने व धमकी देने का आरोप लगाते हुए रामपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में राव अजीत सिंह ने कहा है कि वह वर्तमान में रामपुर हाउस में आए हुए है। उनके बेटे अर्जुन सिंह ने शनिवार को उनके साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। राव अजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यहां बता देना जरूरी है कि अर्जुन सिंह फिलहाल कांग्रेस के नेता हैं तथा पिछला चुनाव उन्होंने अटेली मंडी विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर ही लड़ा था।
पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह वर्षों तक राजनीति का केंद्र रहे थे। उनके सबसे बड़े बेटे राव इंद्रजीत सिंह सिंह केंद्रीय मंत्री व गुरुग्राम से लोकसभा सदस्य है। मंझले बेटे राव अजीत सिंह भी वर्षों तक राजनीति में सक्रिय रहे थे। स्वास्थ्य कारणों के चलते राव अजीत सिंह की सक्रियता अब कम हो गई है।
नीरज कुमार, एसएचओ रामपुरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राव अजीत सिंह की शिकायत पर उनके बेटे अर्जुन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *