पंजाब और हरियाणा में फिर उबले किसान, सड़कों पर धरना

चंडीगढ़ : पंजाब और हरियाणा में किसानों ने आज तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में देशव्यापी ‘चक्का जाम’ आंदोलन के तहत कई स्थानों पर अवरोधक लगाये और मार्ग जाम कर दिये। किसान इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति द्वारा दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक देशव्यापी ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया गया था। विभिन्न संगठनों से संबंधित किसानों ने कई स्थानों पर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध कर दिये जिससे आजाही बंद हो गयी। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस अधिकारियों ने कई स्थानों पर यातायात को डायवर्ट किया। किसानों ने ‘काले कानून’ लाने के लिए केंद्र में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार की आलोचना की और आशंका व्यक्त की कि ये कानून कृषि समुदाय को नष्ट कर देंगे और केवल बड़े कॉर्पोरेट घरानों को ‘लाभ’ देंगे। पंजाब के किसानों के राज्य में माल गाड़ियों को निलंबित करने के लिए भी केंद्र को लताड़ लगाई गई, जिससे कोयले, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। भारतीय किसान यूनियन (एकता उग्राहां) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां ने कहा कि उन्होंने पंजाब के संगरूर, बठिंडा, मानसा, बरनाला, पटियाला, लुधियाना सहित 35 जगहों पर सड़कें जाम कर दी हैं। किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि उनके सदस्यों ने पंजाब के 10 जिलों में 45 स्थानों पर सड़कों को अवरुद्ध किया है। पंजाब में किसानों ने संगरूर, रूपनगर, मोहाली और बरनाला जिलों में सड़कों को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने इस सड़क की ओर ट्रैफिक डायवर्ट करने के बाद किसानों ने रूपनगर जिले में सोलखियां टोल प्लाजा के पास लिंक रोड को बंद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *