टीवी पर राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी पर भडक़े वर्धन यादव, बोले भाजपा का असली चेहरा उजागर

गुरुग्राम: कांग्रेस जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने भाजपा प्रवक्ता द्वारा टीवी कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब पूरी तरह बौखला चुकी है और यही कारण है कि उनके प्रवक्ता खुले मंच पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर हिंसा और हत्या की भाषा बोल रहे हैं।
वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा का असली चरित्र देश के सामने है। जब कोई साधारण नागरिक प्रधानमंत्री की मां के बारे में अपशब्द कह देता है तो भाजपा पूरा आसमान सिर पर उठा लेती है, लेकिन जब उनके अपने प्रवक्ता लाइव कार्यक्रम में राहुल गांधी की हत्या की धमकी देते हैं तो एक भी नेता बोलने की हिम्मत नहीं करता। यह दोहरा चरित्र ही भाजपा की पहचान है और यही उसकी घटिया मानसिकता को उजागर करता है।
भाजपा की विचारधारा पर सीधा वार
कांग्रेस नेता ने भाजपा की विचारधारा को लोकतंत्र विरोधी बताते हुए कहा कि यह वही सोच है जिसने देश की आज़ादी के बाद सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सीने में गोली मारकर सत्य और अहिंसा की हत्या की थी। भाजपा नेताओं ने कभी न देश का सम्मान किया और न ही देशवासियों की भावनाओं का। लोकतंत्र और संविधान पर उनका भरोसा कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि आज भी भाजपा उसी रास्ते पर चल रही है। विपक्ष की आवाज़ दबाने, जनता को गुमराह करने और अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने की उनकी आदत बन चुकी है। टीवी डिबेट में राहुल गांधी को मारने की धमकी उसी मानसिकता की कड़ी है।
वोट चोरी का पर्दाफाश और भाजपा की बौखलाहट
वर्धन यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने जब पूरे तथ्यों और सबूतों के साथ भाजपा की वोट चोरी और धांधलियों का पर्दाफाश किया तो सच्चाई जनता के सामने आ गई। बिहार समेत कई राज्यों में जनता भाजपा की चालबाजय़िों को समझ चुकी है। यही कारण है कि अब भाजपा नेता बौखलाहट में गीदड़भभकियां दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं को सीधी चेतावनी देते हुए कहा – “यह राहुल गांधी हैं, न तो सावरकर और न ही गोडसे। यह वही राहुल गांधी हैं जिनके परिवार ने देश के लिए सबसे बड़े बलिदान दिए हैं। जिस बच्चे ने 14 साल की उम्र में अपनी दादी का गोलियों से छलनी शरीर देखा हो और 21 साल की उम्र में अपने पिता के चिथड़े बिखरते देखे हों, वह इंसान इन बुजदिल गुण्डों की धमकियों से डरने वाला नहीं है।
राहुल गांधी के साथ पूरा देश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने पर आमादा है। विपक्ष की आवाज़ दबाने के लिए सीबीआई, ईडी और आईटी जैसे संस्थानों का दुरुपयोग हो रहा है। लेकिन राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सडक़ से संसद तक लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गीदड़भभकियां कांग्रेस को कभी नहीं डरा पाएंगी। राहुल गांधी अकेले नहीं हैं, पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जनता जान चुकी है कि भाजपा की सरकार महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए हिंसा और धमकियों की राजनीति करती है। लेकिन अब लोग उनके जाल में फंसने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस का संकल्प
वर्धन यादव ने कहा कि भाजपा चाहे जितने हथकंडे अपना ले, कांग्रेस उनके मंसूबों को कभी पूरा नहीं होने देगी। राहुल गांधी की आवाज़ आज देश की आवाज़ है और जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की धमकियों से हम डरने वाले नहीं हैं। हर वोट कांग्रेस को मजबूत कर रहा है और यह लड़ाई अंत तक चलेगी।