देश, प्रदेश में बढ़ा है महिलाओं का मान : सुमित्रा चौहान

-एक से दस दिसंबर तक चलेगा आनंद महोत्सव : सुमन दहिया
-गुरुग्राम में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं का हुआ कार्यक्रम
गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने शुक्रवार को महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में देश प्रदेश में महिलाओं का मान बढ़ा है। राष्ट्रीय स्तर पर लिंगानुपात में महिलाओं की संख्या 1000 पुरुषों पर 1020 महिलाएं दर्ज की गई हैं जो बहुत ही गौरव की बात है। इस गौरव का जश्न मनाने के लिए महिला शाखा की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत एक से दस दिसंबर तक “आनंद महोत्सव” मनाया जा रहा है।
भाजपा की हरियाणा महिला प्रभारी टीना बैंटिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को पूरा मान-सम्मान दिया है। इस सम्मान का जश्न हम सबको मिलकर मनाना है। खुद को महिलाएं हर क्षेत्र में साबित कर रही हैं।
आनंद महोत्सव की प्रदेश प्रमुख एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव एवं गुरुग्राम प्रभारी अलीशा तोमर ने कहा कि हमें महिलाओं को मिलकर आगे बढ़ाना है। उन्होंने सब महिलाओं को विश्वास दिलाया कि वे पार्टी के हित में सदैव जुटी रहेंगी।
इस बीच महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की मीडिया को-ऑर्डिनेटर एडवोकेट सुमन दहिया ने कहा इस कार्यक्रम के तहत हर स्तर पर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ उन्हें सरकार की योजनाओं से अवगत कराया जाएगा। इस महोत्सव की शुरुआत आज गुरुग्राम से हुई है और ये महोत्सव अगले दस दिन तक चलेगा |
इससे पूर्व हरियाणा विस की पूर्व डिप्टी स्पीकर एवं प्रभारी महिला मोर्चा संतोष यादव ने बताया कि महिलाओं में खून की कमी को लेकर भी जागरुकता अभियान एचबी-13 चलाया जाएगा, जिसमें पोषण के लिए महिलाओं को जागरुक करेंगे।
सुमित्रा चौहान ने कहा कि हर महिला सेल्फी विद डॉटर अभियान चलाए। नवजात बेटियों के साथ, स्कूल-कालेज में छात्राओं के साथ, आत्मनिर्भर महिलाओं के साथ, खेतों में काम करने वाली महिलाओं के साथ, आईटी के क्षेत्र में अग्रणी महिलाओं के साथे सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर डालें। उसका डाटा खुद भी सहेज कर रखें। उन्होंने यहां यह भी मांग रखी कि संसद और विधानसभा में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित की जाएं। चौहान ने पत्रकारों द्वारा महंगाई पर पूछे गए सवालों से किनारा करते हुए उन्होंने कहा कि अभी बात आनंद महोत्सव की ही होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, , पूर्व विधायक लतिका शर्मा, एडवोकेट पूनम भटनागर, योगिता धीर, आशा खेदड़, प्राची खुराना, प्रवीण जोशी, अंजलि मिश्रा समेत काफी संख्या में महिला पदाधिकारी उपस्थित रही।