भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने शोक सभा कर कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि !

गुरुग्राम। राम मंदिर आंदोलन को अंजाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ गुरुग्राम की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सेक्टर 4-7 चौक स्थित भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ कार्यालय में एक शोक सभा का आयोजन कर कल्याण सिंह को याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने कल्याण सिंह की तस्वीर पर पुष्प चढ़ा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी एवं उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री रहते हुए उनके उल्लेखनीय कार्यों का वर्णन करते हुए याद किया गया।
शोक सभा में भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिला संजोजक विपिन जायसवाल ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह की बड़ी भूमिका रही। उत्तर प्रदेश में अच्छी खासी बहुमत की अपनी सरकार को उन्होंने कुर्बान कर दिया परंतु, कार सेवकों पर गोली अथवा डंडा चलाने की अनुमति नहीं दी। खासकर वे हिन्दू समाज के दिलों में हमेशा रहेंगे। उनके शासनकाल में उप्र में शासन स्तर पर कई सुधारों को दृढ़ता से लागू किया गया जबकि देश का बड़ी आबादी वाला यह राज्य पिछले कई वर्षों तक राजनीतिक अस्थिरता का शिकार रहा था।
शोक सभा में गुरुग्राम भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के जिला संयोजक विपिन जायसवाल, हाजी मोहम्मद समसूल, डॉ राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल, विद्यासागर मिश्रा, रवि कांत श्रीवास्तव, अश्विनी गुप्ता, नवीन कुमार, धीराज कुमार, दीपेश कुमार, अशोक कुमार, मोहम्मद रिजवान, ओम प्रकाश, बेबी दिव्यांशु इत्यादि मौजूद रहे।