अब राम रहीम भी कोरोना संक्रमित !

गुरुग्राम : रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया। उसे रविवार दोपहर मेदांता अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया है। तीन दिन पहले तबियत खराब होने पर उसे पीजीआइ रोहतक में भर्ती कराया गया था। वहां के डाक्टरों की सलाह के बाद उसे मेदांता अस्पताल लाया गया। फिर कोरोना की जांच की गई। जिसमें रिपोर्ट पाजिटिव आई।
अस्पताल की वरिष्ठ फिजिशियन डा. सुशीला कटारिया की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि राम रहीम के अस्पताल पहुंचने के साथ ही उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत सहित परिवार के कई अन्य सदस्य भी पहुंचे। इधर, राम रहीम की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल आने-जाने वाले हर व्यक्ति के ऊपर नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से कोविड वार्ड के ऊपर नजर रखी जा रही है।
यहाँ बता दे कि कुछ दिन पहले ही रोहतक की सुनारिया जेल में दुष्‍कर्म और पत्रकार की हत्‍या के दोष में जेल काट रहाे सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 48 घंटे की कस्‍टडी पैराेल मिली थी। सुनारिया जेल से सुबह सवा छह बजे गुरमीत को पैरोल से बाहर निकाला गया। राम रहीम बीमार मां से मिलने के लिए गुरुग्राम गया है। वहीं सुरक्षा इंतजामों व अनुयायियों की भीड़ जमा न हो इसके लिए पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं।