हरियाणा की एसटीएफ ने पकड़ी साढ़े 8 किलो अफीम, झारखंड के रहने वाले 5 गिरफ्तार !

गुरुग्राम : हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा रविवार को अफीम तस्करी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसटीएफ ने कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों से साढ़े 8 किलो अफीम जब्त करके मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में एसटीएफ ने गुप्त सूचना के बाद तीन आरोपियों को कैथल में चीका के नजदीक से काबू करके उनके कब्जे से 3 किलो 500 ग्राम अफीम बरामद की है। इनकी पहचान झारखंड निवासी अजय राम, पंजाब के रहने वाले हरबंस सिंह और रामजीत सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक कार भी बरामद हुई है। दूसरे मामले में सूचना मिली थी कि दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहे एक ट्रक में भारी मात्रा में अफीम हो सकती है। इसके आधार पर पुलिस ने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद के पास से वाहन को रोककर तलाशी ली। ट्रक में सवार दो आरोपियों से 5 किलो अफीम बरामद हुई है। इनकी पहचान झारखंड निवासी इरशाद और मोहम्मद के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे।