रंग लाई ‘न्यूज़ ऑफ़ हरियाणा’ की मुहीम: फर्रुखनगर को उपमण्डल बनाने की तैयारी शुरू !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : जिला के फर्रुखनगर कसबा वासियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने फर्रुखनगर को उपमण्डल बनाने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी है। फर्रुखनगर को उपमण्डल का दर्जा मिलने के बाद गुरूग्राम जिला में 5 उपमण्डल हो जाएंगे।
गुरूग्राम जिला का फर्रुखनगर कस्बा वैसे तो ऐतिहासिक स्थल है, जहां के नवाब अली खां को भारत की आजादी की 1857 की पहली लड़ाई के समय अंग्रेजों अंका विरोध करने पर दिल्ली में फांसी दी गई थी। वर्तमान में फर्रुखनगर तहसील और ब्लाॅक मुख्यालय है। इस ऐतिहासिक कसबे को अब राज्य सरकार उपमण्डल का दर्जा देने जा रही है, जिसके लिए प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है।
हरियाणा प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले गुरूग्राम जिला में वर्तमान में चार उपमण्डल हैं जिनमें गुरूग्राम, सोहना, पटौदी और बादशाहपुर शामिल हैं। फर्रुखनगर को उपमण्डल का दर्जा मिलने पर गुरूग्राम जिला में 5 उपमण्डल हो जाएंगे। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि बादशाहपुर को भी उपमण्डल वर्तमान राज्य सरकार द्वारा अपने पिछले कार्यकाल में उपमण्डल बनाया गया था। फरूखनगर के उपमण्डल बनने से वहां पर एसडीएम सहित कई विभागों के कार्यालय खुलेंगे जिससे कि उस क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। उन्हें अपने रोजमर्रा कार्यो के लिए गुरूग्राम जिला मुख्यालय या पटौदी उपमण्डल में नहीं जाना पडे़गा। फर्रुखनगर फिलहाल पटौदी उपमण्डल का हिस्सा है।
यहाँ बता दें कि न्यूज़ वेबसाइट न्यूज़ ऑफ़ हरियाणा ने ‘जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर’ के तहत एक अभियान चला कर गांव देहात तक लोगों की रायशुमारी जानी और उनके विचार प्रमुखता से प्रकाशित किये | इसी का नतीजा है कि आज ये अभियान रंग लाया और अब जल्द ही फर्रुखनगर उप मंडल होने जा रहा है |