राम रहीम की तबीयत बिगड़ी, पीजीआई में कराया भर्ती !
रोहतक : साध्वी यौन शोषण मामले में सुनारियां जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे राम रहीम को कोरोना की आंशका के चलते भारी सुरक्षा के बीच पीजीआई में भर्ती कराया गया है। राम रहीम के पीजीआई में लाने से पहले सुनारियां जेल से लेकर पीजीआई तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। राम रहीम को स्पेशल वार्ड में रखा गया है। जेल अधिकारियों का इस मामले को लेकर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि पीजीआई में बाबा की कोरोना की जांच की गई है। हालांकि, अभी रिपोर्ट नहीं आई है। राम रहीम को शुगर एवं बीपी भी है। वह दवाइयां ले रहा है। डाक्टरों की विशेष टीम उसके इलाज में जुटी है।
बुधवार दोपहर बाद राम रहीम को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से पीजीआई लाया गया। जेल प्रशासन ने पहले ही पीजीआई को इस बारे में बता दिया था, इसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। पीजीआई लाने से पहले डाक्टरों की एक टीम बनाई गई। बताया जा रहा है कि राम रहीम ने मंगलवार को जेल अधिकारियों से अस्वस्थ होने की बात कही थी। जेल में रुटीन टेस्ट के बाद उसे पीजीआई ले जाने की सलाह दी गई। बताया जा रहा है कि अभी उसका इलाज पीजीआई में ही चलेगा। सुनारियां जेल में आने के बाद राम रहीम का वजन काफी कम हो गया है। जिस वार्ड में बाबा राम रहीम को रखा गया है, वहां पर सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किये गए है और पुलिस उपाधीक्षक को सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि सुनारियां जेल में काफी कैदी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसके बाद राम रहीम को पीजीआई में भर्ती कराया गया है। सुनारियां जेल के एक अधिकारी ने राम रहीम के पीजीआई में भर्ती कराने की पुष्टि की है। गौरतलब है कि देश और प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर की चपेट में कैदी भी आ रहे हैं।
