महिला के फोटो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दे मांगे 5 लाख !

यमुनानगर : एक महिला ने युवक पर उसकी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। आरोपी ने महिला से 5 लाख रुपए की मांग की। आरोपी युवक पर पहले भी छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज है। महिला ने फिर शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी युवक पर ‌केस दर्ज कर लिया है। शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि उनकी कॉलोनी का ही रजत 27 जनवरी से लगातार उसके मोबाइल पर फोन कर व संदेश भेजकर परेशान कर रहा है। कुछ माह पहले भी आरोपी रजत ने उससे छेड़छाड़ की थी। तब उसने आरोपी के खिलाफ थाने में केस दर्ज करवाया था, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
आरोपी रजत ने कुछ अश्लील फोटो खींची हैं। इनको आरोपी ने उसके भाई व उसके जानकारों को भेजकर बदनाम किया ‌था। अब रजत उसकी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है। आरोपी उसे धमकी दे रहा है कि या तो उसके साथ शादी करे या उसे 5 लाख रुपए दे। इसका विरोध जताने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की है।