अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ नगर निगम की बड़ी कार्रवाई

-आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में स्थित धर्म कॉलोनी तथा नोबल एन्कलेव में 8 निर्माणों को तोडऩे के साथ 4 अन्य निर्माणों को किया गया सील
गुरुग्राम : शुक्रवार का दिन अनाधिकृत निर्माणों पर भारी रहा। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में 8 निर्माणों को तोडऩे के साथ ही 4 अन्य निर्माणों को सील करने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम गुरूग्राम के संयुक्त आयुक्त जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में इनफोर्समैंट टीम भारी पुलिस बल और जेसीबी लेकर आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में स्थित धर्म कॉलोनी तथा नोबल एन्कलेव में पहुंची। टीम ने धर्म कॉलोनी में 3 अनाधिकृत निर्माणों को तथा नोबल एन्कलेव में 5 अनाधिकृत निर्माणों को जेसीबी की मदद से तोड़ा। टीम की कार्रवाई यहीं नहीं रूकी, बल्कि टीम ने इन क्षेत्रों में 4 अन्य निर्माणों को सील करने की कार्रवाई भी की। किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि आयुध डिपो के प्रतिबंधित दायरे में किसी भी प्रकार के नए निर्माण पर माननीय न्यायालय द्वारा पाबंदी लगाई हुई है। माननीय न्यायालय के आदेशों के बारे में आमजन को सूचित करते हुए नगर निगम गुरूग्राम द्वारा पूर्व में सूचना बोर्ड भी लगाए गए थे। इनके माध्यम से सूचित किया गया था कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मकान, दुकान या प्लॉट की खरीद-फरोख्त ना की जाए। नगर निगम गुरूग्राम द्वारा समय-समय पर प्रतिबंधित क्षेत्र में अनाधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *