अजब-गजब : केंद्र पर महिला गई नहीं और टीका लगने का आ गया मैसेज !
गुरुग्राम : कोरोना से बचाव के लिए संक्रमणरोधी टीका लगवाने के बीच एक मामला ऐसा भी सामने आया है, जिसमें सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर गए बिना ही एक महिला को वैक्सीन की दूसरी डोज लग गई। महिला को इसका पता तब चला, जब उसे दूसरी डोज सफलतापूर्वक लगवाने की बधाई का मैसेज उसके फोन पर मिला।
मैसेज में उसे वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र भी भेजा गया है, जबकि महिला के बेटे के अनुसार महिला दूसरी डोज लगवाने के लिए गई ही नहीं थी। इस अजीबोगरीब मामले की शिकायत महिला के बेटे ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से लेकर, प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और जिला उपायुक्त से भी सोशल मीडिया पर की है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसे तकनीकी दिक्कत बताया गया है।
महिला के बेटे सुधांशु गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी मां को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ली थी। उन्हें 28 अप्रैल की लक्ष्मण विहार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 11 से दोपहर 1 बजे के बीच में वैक्सीन लगवाने की अपॉइंटमेंट ऑनलाइन मिली थी। अमन के मुताबिक वह किसी कारणवश अपनी मां को टीका लगवाने उस दिन केंद्र पर नहीं जा सके। बावजूद इसके अगले ही दिन 29 अप्रैल को उन्हें फोन पर उनकी मां को वैक्सीन की दूसरी डोज लगने का मैसेज प्राप्त हुआ। 29 अप्रैल को सुबह 10:13 बजे उनकी मां को कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज सफलतापूर्वक लगने पर बधाई भी दी गई। वहीं मैसेज में एक लिंक भी भेजा गया जिसमें दूसरी डोज का वैक्सीनेशन प्रमाण पत्र था।
सुधांशु अब इस बात को लेकर असमंजस में हैं, कि उन्हें मां को वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए अब फिर से पंजीकरण कराना होगा, या विभाग अपनी इस गलती को सुधार कर उन्हें दूसरी डोज लगाएगा। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर यह वाक्य केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सहित मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्य स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और जिला प्रशासन के साथ भी सांझा किया है।
सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि इस तरह की शिकायतें हासिल हुई हैं। उन शिकायतों का निवारण करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इस बारे में प्रदेश स्तर पर वैक्सीनेशन का सॉफ्टवेयर हैंडल कर रहे नोडल अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। जल्द इनका समाधान कराया जाएगा।
