साहस : घर में रहकर ही पानीपत के खुराना परिवार ने जीती कोरोना से जंग !

पानीपत : पानीपत के मॉडल टाउन निवासी सीए अनिल खुराना और उनका परिवार आज कोरोना के समय किसी मिसाल से कम नहीं जिन्होंने घर में रहकर ही नियम और संयम से कोरोना को हरा दिया | बकौल खुराना “अभी-अभी परिवार के पांचों सदस्य मैं, पत्नी गरिमा, दोनों बेटियां ऋतिका व क्षितिजा के साथ ही बेटा अग्रिम कोरोना से ठीक हुए हैं। सभी होम आइसोलेशन में रहे। हमने तो पॉजिटिव सोच और संयम से कोरोना को हराया। आप सब भी इन दो चीजों का ध्यान रखें तो राह आसान हो जाएगा।”
श्री खुराना के अनुसार, हम सब परहेज में रहने वाले लोग हैं, लेकिन पता नहीं कैसे कोरोना हो गया। 30 मार्च को मुझे पहले खांसी हुई फिर बुखार। एक लक्षण होता तो वायरल मान भी लेते। फिर, पत्नी और बेटे में भी यही लक्षण। सबने सिविल अस्पताल में सैंपल दिए। 5 अप्रैल को सिविल अस्पताल फोन किया तो बताया गया कि रिपोर्ट निगेटिव है, लेकिन रिपोर्ट बनकर मेरे पास नहीं आई थी। फिर अगले दिन 6 अप्रैल को फोन आया कि सभी पॉजिटिव हैं। 80 साल की मां कांतारानी कोरोना से बच गईं। वह वैक्सीन की दोनों डोज ले चुकी हैं। उधर, बैंगलोर में रहने वाली दोनों बेटियां भी कोरोना पॉजिटिव हो चुकी थी। दोस्तों व रिश्तेदारों ने हर तरह से मदद की।
खुराना बोले “दुख में लोगों का साथ बहुत जरूरी है। इससे दुख कम हो जाता है। अब सब ठीक हैं। आज दोनों बेटियां बैंगलोर से घर लौट रही हैं। हम सभी 5 सदस्य अब प्लाज्मा डोनेट करने को तैयार हैं। मॉडल टाउन के अनिल बताते हैं कि मुझे तो कोरोना ने यही सिखाया कि धैर्य और पॉजिटिव माइंड से हर मुश्किल आसान हो जाती है। संयम भी जरूरी है। आप सब भी परहेज में रहना सीखें।’