केंद्र की अक्षमता के कारण ऑक्सीजन के लिए हांफ रहा देश : कैप्टेन अजय सिंह यादव

गुरुग्राम : देश में ऑक्सीजन संकट को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री कैप्टेन अजय सिंह यादव ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की अक्षमता के कारण आज देश ऑक्सीजन के लिए हांफ रहा है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को संबोधन के दौरान सच्चाई से उजागर नही किया। प्रधानमंत्री यही बोल रहे हैं कि सब कुछ ठीक चल रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि देश में कोरोना संक्रमण ने घातक रूप ले लिया है। रोजाना ढाई लाख से ज्यादा संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, अस्पतालों में आक्सीजन की कमी होती जा रही है, जिसके चलते कई मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं, सरकार ऑक्सीजन की पर्याप्त मात्रा होने का दावा कर रही है। जब आक्सीजन की कोई कमी नही है तो निजी अस्पताल, डाक्टर, कोरोना मरीज आक्सीजन सिलेंडरों की व्यवस्था के लिए दर-दर क्यों भटक रहे हैं।
पूर्व मंत्र ने कोरोना संक्रमण महामारी से हो रही मौतों पर सरकार को घेरा है। उन्होंने ऑक्सीजन की कमी को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमारा देश ऑक्सीजन का सबसे बड़ा उत्पादक है, देश में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी। उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल किया कि घातक कोरोना महामारी के बीच भी ऑक्सीजन देश के बाहर निर्यात की गई। पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। अस्पतालों में वैक्सीन नही है, बेड नही हैं, वेंटिलेटर और आक्सीजन नही हैं लेकिन देश के प्रधानमंत्री बेपरवाह होकर रैलियां करने लगे हुए हैं।
कैप्टेन अजय सिंह ने कहा कि आज के दिन गुरुग्राम जैसे शहर में किसी भी अस्पताल में जगह नही हैं। कई दिनों से सरकारी व निजी अस्पताल और मीडिया आक्सीजन सिलेंडर की कमी का रोना रो रहे है, पर सरकार के कान पर जूं तक नही रेंग रही है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले भी हम इसी स्टेज पर थे और एक साल बीत जाने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों हैं। इस बात से सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार इस महामारी को लेकर कितनी गंभीर है। एक साल पहले देश के प्रधानमंत्री द्वारा 20 लाख करोड रूपये की झूठी घोषणा की गई थी। आज तक एक रूपया भी यदि स्वास्थ्य सेवाओं पर भाजपा सरकार द्वारा लगाया गया होता तो आज यह स्थिति नही होती।