होली पर तीनों कृषि कानूनों का किया जाएगा दहन : चौधरी संतोख सिंह
गुरुग्राम : केंद्र सरकार के 3 कृषि बिलों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा का धरना राजीव चौक के निकट शनिवार को 122वें दिन भी जारी रहा। धरने को विभिन्न श्रमिक, मजदूर, किसान संगठनों का समर्थन मिल रहा है। मोर्चा के जिलाध्यक्ष संतोख सिंह ने कहा कि कृषि बिलों को लेकर आमजन में भारी आक्रोश दिखाई दे रहा है। जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि आज सीधा संवाद भी नहीं कर सकते। क्योंकि जनता उन्हें गांवों में घुसने ही नहीं देना चाहती। कृषि बिलों से पूंजीपतियों को लाभ पहुंचेगा और आम आदमी भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएगा। देश में महंगाई व बेरोजगारी में वृद्धि होगी। सरकार की हठधर्मिता के कारण आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि आज रविवार को धरना स्थल पर कृषि कानूनों का होली दहन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, श्रमिक व मजदूर संगठन शामिल होंगे। आरएस राठी, गजे सिंह कबलाना ने कहा कि सरकार को जनता के आक्रोश को देखते हुए तीनों कानूनों को रद्द कर देना चाहिए। बीरू सरपंच ने कहा कि सरकार की तानाशाही से खेत खलियान बर्बाद हो रहे हैं। किसान अपना घर बार छोडक़र पिछले 4 महीनों से दिल्ली के चारों तरफ सडक़ों पर बैठे हुए हैं। किसानों की समस्याओं का हल सरकार को ही करना है। धरने पर बैठने वालों में जयप्रकाश रेहडू, ऊषा सरोहा, रेखा यादव, अरूण शर्मा एडवोकेट, विजय यादव, कमांडेंट सत्यवीर सिंह धोंचक, बलवान सिंह दहिया, सतीश कुमार आदि शामिल रहे।