जनता मांगे उप मंडल फर्रुखनगर : केंद्रीय मंत्री और विधायक को बनना होगा खेवनहार !

फर्रुखनगर (नरेश शर्मा) : पिछडे क्षेत्र फर्रुखनगर की नैया को किनारे लगाने के लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व पटौदी विधायक सत्यप्रकाश जरावता को खेवनहार बनना होगा। तभी इस इलाके को उप मंडल का दर्जा और खोया हुआ सम्मान मिल सकता है। जनता की पैरवी और किए जा रहे जन जागरण अभियान में किसी प्रकार की खामी नहीं है। उनकी एकजूटता ही उप मंडल के मुकाम तक पहुंचने के लिए अहम किरदार निभा रही है।
क्षेत्रवासी की जनता मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटटर द्वारा फर्रुखनगर को उप मंडल बनाने की प्रक्रिया में की जा रही अभी तक की कार्रवाई से संतुष्ट है। पीएस राव खेडा खुर्रमपुर, चंद्रकला, मुनीराम, राज कुमार, सुभाषचंद, लाला राम आदि का कहना है कि जिला गुरुग्राम का हिस्सा होने बाद भी फर्रुखनगर शहर व उसके अंर्तगत आने वाले 55 गांव और 500 ढाणियां सरकार की विकास धारा से अछुता है। राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलने के कारण यहां जो विकास होना चाहिए था वह नहीं हो पाया। जिसका खामयाजा फर्रुखनगर इलाके के लोगों को भगुतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि फर्रुखनगर इलाके को उन्नति की डगर पर लाने के लिए पूर्व सीपीएस अनीता यादव जैसा खेवनहार राव इंद्रजीत सिंह व सत्यप्रकाश जरावता को बनना होगा। अनीता यादव ने वर्ष 2013 में कनीना उप तहसील की सरकार से वकालत की और उनके भरसक प्रयासों के कारण कनीना को उप मंडल का दर्जा मिल गया था। अगर इसी प्रकार हमारे इलाके के जनप्रतिनिधि भी पूरी निष्ठा से फर्रुखनगर इलाके की पैरवी करे तो वह दिन दूर नहीं जब इस इलाके को भी उप मंडल का दर्जा तो मिल ही जाएगा बल्कि यह इलाका गुरुग्राम, एनसीआर के मानचित्र पर सबसे विकसित इलाके के रुप में अपनी पहचान बनाने में भी सफल होगा। उन्होंने बताया कि जब कनीना उप तहसील को सीधे उप मंडल, बादशाहपुर गांव को विधानसभा तथा उप मंडल का डबल ताज और गांव मानेसर को नगरनिगम का दर्जा मिल सकता है तो फर्रुखनगर इलाका तो हर क्षेत्र में उनसे काफी आगे और विकसित क्षेत्र है। जरुरत है इस इलाके के खेवनहार की जो इसकी डूबती नैया को सहारा दे सके।