गुरुग्राम में बेकाबू कार ड्राइवर ने चार को मारी टक्कर, एक की मौत !
गुरुग्राम : तेज गति से आ रही कार ने सड़क किनारे चल रहे चार लोगों को टक्कर मार दी। सभी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक युवक ने देर रात दम तोड़ दिया। अन्य की हालत में सुधार है। हादसा सोमवार रात करीब दस बजे भोंडसी गांव के पास महेंद्रवाड़ा मोड़ के पास हुआ।
मूल रूप से ओडिशा के कटक जिले के गांव विश्वनाथपुर निवासी समीर बहरा भोंडसी स्थित जेकेएम कंपनी में कार्यरत हैं। उनके साथ ही ओडिशा के जाजपुर जिले के गांव गंगाधरपुर निवासी अभिमन्यु दास, खेत्रादास, जुधिस्ट्र दास व रंजन गोइन भी काम करते हैं। कंपनी में ड्यूटी करने के बाद सभी भोंडसी में एक शादी समारोह में शामिल हुए। रात में सभी महेंद्रवाड़ा स्थित अपने घर के लिए पैदल ही आ रहे थे। मोड़ के पास तेज गति से आ रही कार ने अभिमन्यु दास, खेत्रादास, जुधिस्ट्र दास व रंजन गोइन को कुचल दिया।
पुलिस को दिए बयान में समीर ने बताया वह बाल-बाल बच गए। लोगों की मदद से घायलों को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। देर रात डाक्टर ने अभिमन्यु दास को मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया था। कार का नंबर भी कोई नोट नहीं कर पाया। चालक का पता लगाया जा रहा है।