गुरुग्राम के भोंडसी जेल में भिड़े कैदी, कई घायल !
गुरुग्राम। जेल की कैंटीन मेें बंदियों के दो गुटों में हुए संघर्ष में कई बंदी घायल हो गए। जेल अधीक्षक की ओर भोंडसी थाने में केस दर्ज कराया गया है।
जेल उप अधीक्षक चरण सिंह के अनुसार बुधवार को विचाराधीन कैदी जोनी अदालत से पेशी से लौटकर वापस आया था। जब वह फेज-1 की कैंटीन में खाना खाने के लिए बैठा। उसी समय बंदी हरीओम अपने साथियों सलीम, रोहित, राहुल, दिलवार रोहित, चेतन आयुष और ब्रजेश के साथ वहां आया। पहले तो दोनों के बीच विवाद हुआ। इन लोगों ने जोनी पर हमला कर दिया। इस दौरान जोनी अकेला था।
जोनी की आवाज सुनकर संदीप, विक्की, अजय, अर्जुन और अंशुल वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। इस दौरान परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कराया। संघर्ष में एक पक्ष की ओर जोनी, वेदपाल, अर्जुन और दूसरी ओर से सलीम गंभीर रुप से जख्मी हो गये । सामान्य रूप से घायल बंदियों का कारागार स्थित अस्पताल में उपचार कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में भोंडसी थाना प्रभारी जगबीर का कहना है कि जेल अधीक्षक की ओर नामजद केस दर्ज कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।