हरियाणा में राशन डिपो अलाटमेंट में महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए रोजगार के साधन मुहैया कराने की मंशा से महिला दिवस पर विधानसभा में उन्हें तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि राज्य में जितने भी राशन डिपो अलाट होंगे, उनमें 33 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाएंगे। इससे महिलाएं स्वावलंबी बन सकेंगी और अपने लिए आय का बड़ा साधन तैयार कर पाएंगी।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री के नाते हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में यह घोषणा तब की, जब कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बहस कर रहे थे। डिप्टी सीएम ने सदन में बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां राशनकार्ड धारकों को मोबाइल डिपो के माध्यम से उनके घर द्वार पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। फरीदाबाद में यह प्रक्रिया प्रयोग के तौर पर शुरू की गई है। उन्होंने राशन डिपो के माध्यम से राशन वितरण में पारदर्शिता बरते जाने का दावा किया।