देश की तरक्की तभी है संभव, जब महिला बनें आत्मनिर्भर : सुमन दहिया

गुरुग्राम : महिला सशक्तिकरण को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन रोटरी क्लब सिविल लाइंस द्वारा जोन हॉल परिसर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में जहां भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, वहीं विशिष्ट अतिथि के रुप में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुमित्रा चौहान भी शामिल हुई।
संस्था की अध्यक्ष व हरियाणा महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष सुमन दहिया ने बताया कि कार्यक्रम में संस्था से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य व महिलाएं भी शामिल हुई। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली करीब 57 महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डा. सुशीला कटारिया, डीसीपी ममता खरब, पदमश्री अवार्डी सुनील डबास, रिटायर्ड इंस्पेक्टर कैलाश देवी, प्रोफसेर सीमा शौक़ीन, महिला पायलट नीना सिंह आदि शामिल रही।
मुख्य अतिथि ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं की सदैव भागीदारी रही है और महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन करते हुए हरियाणा का नाम विश्व में रोशन किया है। सुमन दहिया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण व जागरुकता अभियानों को लेकर वे समय-समय पर संगोष्ठी आदि भी आयोजित करती रही हैं, ताकि महिलाओं की हौंसला अफजाई हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। सुमित्रा चौहान ने आधी आबादी पूरा हक का उदघोष किया।
कार्यक्रम में गुडग़ांव भाजपा जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, सुंदरी खत्री, भूपेंद्र चौहान, कल्याण सिंह चौहान, स्वाति यादव, रश्मि भूषण, नौक्षम चौधरी, रोटरी क्लब के अधिवक्ता संदीप अनेजा, रविंद्र जैन, डा. भूषण मेहता आदि भी शामिल रहे।