महिला दिवस पर अधिवक्ताओं ने महिला सफाईकर्मी को किया सम्मानित
गुरुग्राम : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस विभिन्न संस्थाओं व प्रतिष्ठानों द्वारा सोमवार को धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं का सम्मान करते हुए उनको पुरुस्कृत भी किया गया और महिला कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं शुरु करने की मांग भी सरकार से की गई। इसी क्रम में जिला अदालत परिसर में वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा महिला दिवस का आयोजन किया गया। जिला बार के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन कर अदालत परिसर में नियुक्त सफाईकर्मी नीलम आदि के कार्यों की प्रशंसा करते हुए पुष्प गुच्छ देकर उनको सम्मानित किया गया।
भारद्वाज ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। महिलाओं की प्रतिभा को कम आंकने की भूल किसी को भी नहीं करनी चाहिए। अब समय बदल चुका है। महिलाओं ने हर क्षेत्र में परचम लहराया हुआ है। जिला अदालत परिसर में बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता भी लोगों को न्याय दिलाने के कार्य में जुटी हैं। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि महिलाओं को और अधिक सुविधाएं देने के लिए नई योजनाएं भी शुरु की जाएं, ताकि महिलाएं और अधिक ऊर्जा से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर सकें। इस अवसर पर हरियाणा एवं पंजाब बार काउंसिल के सचिव अजय चौधरी, अनुज सहरावत, अनिल वर्मा, राहुल भारद्वाज, अशोक वर्मा, गजेंद्र सिंह तंवर, भूपेंद्र चौहान, रविंद्र कुमार अधिवक्ता भी मौजूद रहे।