सशक्त नारी के बिना सशक्त राष्ट्र की कल्पना भी नहीं : मीना जिंदल

-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हुआ महिला समारोह
गुरुग्राम : सशक्त नारी समाज से ही सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इस भाव के साथ राष्ट्र सेविका समिति ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया। जिसमें घरेल सहायिका( मेड) को सैनिटरी पैड देने, राममंदिर निर्माण समर्पण निधि अभियान में सक्रिय रहने वाली, घरों में लघु उद्योग का कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
स्थानीय सेक्टर 9 स्थित सिधेश्वर स्कूल में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्तिथ आरएसएस प्रान्त संघचालक पवन जिंदल की धर्मपत्नी मीना जिंदल ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के बिना किसी भी सशक्त राष्ट्र की कल्पना भी नहीं कि जा सकती है। महिला समाज का एक मजबूत अंग है। इसको हीन समझना न केवल महिला का बल्कि परमात्मा का भी अपमान है। भारत प्राचीन समय से ही नारी तू नारायणी के भाव को जागृत करता रहा है। लेकिन विडंबना है कि आधुनिकता की आड़ में नारी को भोग की वस्तु बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जबकि नारी ही संस्कार की पाठ शाला है। नारी ही इस खूबसूरत धरा की सृजनकर्ता है। नारी के बिना किसी स्वस्थ, सशक्त व संस्कार युक्त समाज की कल्पना भी नहीं कि जा सकती है।
श्रीमती जिंदल ने उपस्तिथ महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी प्राचीन शक्ति की पहचान करते हुए सशक्त राष्ट्र निर्माण में आगे आकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। विशेषकर बच्चों को सकारात्मक संस्कार देकर उन्हें राष्ट्रनिष्ठ बनाने का पवित्र कार्य करें। इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्र सेविका समिति की प्रान्त कार्यवाहिका प्रतिमा मनचंदा ने बताया कि आज का ये कार्यक्रम महिलाओं को सम्मान देने के लिए आयोजित किया गया था।विशेषकर घरों में कार्य करने वाली सहायिकाओं को सम्मान देने, लघु उद्योग चलाने वाली बहनों को पहचान देने के लिए उनके स्टाल लगवाकर उन्हें सम्मानित किया गया। समाज में विभिन्न क्षेत्र में कार्य करने वाली बहनों को सम्मानित किया गया। विशेषकर राम मंदिर निर्माण समर्पण निधि अभियान में सक्रिय भूमिका निभानेवाली बहनों को सम्मनित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा भारती की अखिल भारतीय महिला प्रमुख रेणु पाठक,विवेकानंद केंद्र गुरुग्राम शाखा प्रमुख वीना गोराई, महिला पतंजलि योग समिति गुरुग्राम संयोजिका निर्मल यादव अलावा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।