बच्चों ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चलाया निधि समर्पण अभियान

-दयानंद कालोनी में बच्चों में दान देने को लगी होड़
गुरुग्राम: अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने को निधि समर्पण अभियान के अंतिम दिन बच्चों में भी उत्साह नजर आया। बच्चों ने स्वयं भी निधि समर्पित की और घर-घर जाकर दान एकत्रित किया। दयानंद कालोनी में चलाए गए अभियान में बच्चों में दान और भक्ति की भावना नजर आई। अभियान की शुरुआत अभियान प्रमुख अमरजीत कटारिया ने झंडी दिखाकर की।
शनिवार को निधि समर्पण अभियान के अंतिम दिन दयानंद कालोनी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सदस्यों व बाल स्वयंसेवकों ने भी राम मंदिर के लिए समर्पण निधि अभियान चलाकर लोगों से संपर्क किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेविका समिति की स्वयंसेविका गरिमा सैनी, सलोनी सैनी, विकास भारद्वाज, यशपाल, पंडित संजय शर्मा, महेश डाबरा, ट्यूलिप आदि ने सहयोग किया। बच्चों में दान और भक्ति की भावना ने क्षेत्र में हर किसी को प्रेरित किया। अमरजीत कटारिया ने कहा कि इसी तरह के संस्कार हम सबको अपने बच्चों को देने चाहिए। दान की भावना सब में होनी चाहिए। क्योंकि दान बहुत बड़ा पुण्य है।
भाजपा आईटी सैल के प्रदेश सह-संयोजक अरविंद सैनी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण में सबकी भूमिका हो, इसलिए यह निधि समर्पण अभियान चलाया गया है। लोगों ने बहुत मन से निधि को मंदिर के लिए आगे आकर समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि अब वह समय निकट है, जब अयोध्या में श्रीराम जी का मंदिर इस समर्पण निधि से बनकर तैयार होगा। हम सबको उस पर गर्व भी होगा, क्योंकि उससे पूरे देश की भावनाएं जुड़ी है।