कांग्रेस के पूर्व हरियाणा अध्यक्ष अशोक तंवर ने बनाया अपना भारत मोर्चा !

नई दिल्ली : कभी गांधी परिवार के नजदीकी रहे डा. अशोक तंवर ने अपने अलग राजनीतिक मोर्चे का गठन कर दिया है। तंवर ने नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में नए राजनीतिक दल अपना भारत मोर्चा का गठन किया। जनता के लिए, जनता द्वारा, जनता का मोर्चा बताते हुए तंवर ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालातों में विपक्ष गूंगा है, सरकार बहरी है। ऐसे में अपना भारत मोर्चा देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखकर और सुनकर बोलेगा।
अशोक तंवर ने डिजिटल माध्यम से मोर्चे के गठन का एलान किया। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में अशोक तंवर की पत्नी अवंतिका तंवर माकन मौजूद रही। इसी तरह अलग-अलग जगहों पर तंवर के समर्थक मौजूद रहे। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, यूथ कांग्रेस के प्रभारी और हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके पूर्व सांसद अशोक तंवर नवगठित मोर्चे के जरिये अपनी राजनीतिक गतिविधियों को अंजाम देंगे।
सिरसा से सांसद रह चुके अशोक तंवर हरियाणा को अपनी कर्मभूमि बनाएंगे। तंवर ने मोर्चा बनाने का फैसला अचानक नहीं लिया। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस छोडऩे के बाद से प्रदेश भर में माहौल बनाना शुरू कर दिया था। 2019 के विधानसभा चुनाव के दौरान अभय सिंह चौटाला, दुष्यंत चौटाला और कुछ भाजपा नेताओं ने तंवर को अपने साथ जोड़नेे की पूरी कोशिश की। तंवर ने चाय सबकी पी, लेकिन आखिर में अकेले ही अपने कार्यकर्ताओं के बूते राजनीतिक लड़ाई लडऩे का अहम निर्णय लिया है।
पांच साल आठ माह तक हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके अशोक तंवर और पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के बीच विवाद तब शुरू हुआ था, जब 2014 के चुनाव में तंवर की पसंद के उम्मीदवारों की अनदेखी की गई। 2019 में भी चुनाव से पहले ऐसे ही हालात बने, जिस कारण उन्हें कांग्रेस को अलविदा कहना पड़ा। कांग्रेस छोडऩे के बाद तंवर ने तत्कालीन पार्टी प्रभारियों पर खूब आरोप लगाए थे। तंवर दलित समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हर वर्ग में उनके समर्थक हैं। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष बनने के बाद कु. सैलजा ने तंवर को पार्टी में लाने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई।