सपा विधायक के बेटे सहित छह लोगों पर दो करोड़ रुपये ठगी का मामला दर्ज !

गुरुग्राम : यूपी के सहारनपुर क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के विधायक संजय गर्ग के बेटे पुण्य गर्ग सहित छह लोगों के खिलाफ सेक्टर-14 पुलिस थाने में दो करोड़ रुपये की ठगी का आपराधिक मामला दर्ज किया है।
ओल्ड डीएलएफ के रहने वाले राज कपूर यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका सहारनपुर में महावीर स्टोन इंडस्ट्री के नाम से स्टोन क्रशर है। राज कपूर यादव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि नवंबर 2019 में उसके पास योगेश कुमार कच्छल और पुण्य गर्ग आए। दोनों ने उन्हें बताया कि गढ़वाल सर्कल डेवलपमेंट कारपोरेशन में उनके पास कई खनन के पट्टे हैं। उनके कई स्टोन क्रशर भी हैं। उनको खनन के व्यापार का काफी तजुर्बा है। उनके उत्तराखंड सरकार में उच्च अधिकारियों से अच्छे संबंध हैं। 24 नवंबर 2019 को योगेश कुमार कच्छल और पुण्य गर्ग अपने साथियों आरएसपी सिंह और प्रेम सिंह मारतोलिय के साथ उसके घर पर आए। खनन के काम में हिस्सेदार बनाने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की गई। उसके बाद दो करोड़ रुपये चार किस्तों में आंध्र बैंक के खाते से जय भवानी स्टोन क्रशर के नाम पर जमा करा दिए।
पारिवारिक कारणों से वे उस फर्म के अकाउंट आदि का हिसाब भी नहीं देख पाए। योगेश कच्छल ने कुछ दिन बाद उनसे फिर कुछ पैसे देने की डिमांड की। योगेश कच्छल ने कहा कि लाकडाउन के दौरान खनन प्रक्रिया रोक दी गई थी। अब उसको दोबारा चालू करने के लिए फीस जमा करानी है। योगेश कच्छल ने पुण्य गर्ग को अपना भतीजा बताया था। बाद में जानकारी मिली कि योगेश कच्छल का भतीजा नहीं है। पुण्य गर्ग सहारनपुर के विधायक संजय गर्ग का बेटा है।
राज कपूर यादव का आरोप है कि ये लोग अब उनको जान से मारने की भी धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने राज कपूर की शिकायत पर सहारनपुर की जनकपुर कालोनी के रहने वाले योगेश कुमार कच्छल, सहारनपुर के विधायक के बेटे पुण्य गर्ग, देहरादून के शिमला एंकलेव के रहने वाले आरएसपी सिंह, सर्वेश कुमार, दीपक कुमार मारतोलिय, तुषार कुमार मारतोलिय के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।