हरियाणा के स्कूलों में कल से तीसरी से 5वीं की कक्षाएं भी लगेंगी

भिवानी : हरियाणा के स्कूलों में 24 फरवरी से तीसरी से 5वीं तक की कक्षाएं भी लगाई जाएंगी। कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक लगेंगी। स्कूल में एंट्री के लिए बच्चों को पेरेंट्स की लिखित अनुमति स्कूल मुखिया या कक्षा इंचार्ज को देनी होगी। कोई ऑनलाइन पढ़ना चाहे तो स्कूलों को उनके लिए यह सुविधा भी जारी रखनी होगी।
किसी को स्कूल में उपस्थित होने को न बाध्य किया जाएगा, न नाम काटा जाएगा। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि यदि ये कक्षाएं व्यवस्थित तरीके से संचालित होती हैं तो इसके बाद कक्षा पहली और दूसरी भी शुरू कर दी जाएंगी। प्राइमरी, मिडिल, सेकंडरी व सीनियर सेकंडरी 4 विंग बनाई जाएंगी। कोई बच्चा कोरोना पॉजिटिव मिलता है तो उसकी पूरी विंग 10 दिन के लिए बंद रहेगी। एक से ज्यादा विंग में बच्चे पॉजिटिव मिले तो स्कूल 10 दिन बंद रहेगा। पूरे स्कूल को सैनिटाइज किया जाएगा। मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिटाइजेशन अनिवार्य है।