धोखाधड़ी के सरगरना संजय कथूरिया पर शिकंजा कसने की तैयारी, जारी होगी एलओसी !

गुरुग्राम : फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्लॉट बेचकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में चार मास्टरमाइंड फरार चल रहे है। चारों आरोपी दुबई में है। ऐसे में आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करवाएगी। इसके लिए गुरुग्राम पुलिस ने काम करना शुरू कर दिया है। उसके बाद आरोपी अगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों या समुद्री क्षेत्र,बंदरगाहों से आता है। तो उसकी जानकारी मिल जाएगी और उसको गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि पुलिस ने इस मामले में बुधवार को तीन इनामी जालसाजों को गिरफ्तार किया है। जिनमें एक महिला भी शामिल है।
गौरतलब है कि मास्टर माइंड संजय कथूरिया ने साल 2018 में सुशांतलोक और पालम विहार में अंसल बिल्डर के प्लॉट की जानकारी निकालते। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मूल मालिक से प्लॉट को किसी दूसरे को ट्रांसफर करवा लेते थे। उसके बाद मार्केट रेट के आधार पर प्लॉट को बेच दिया जाता था। प्लॉट बेचकर आए करोड़ो रुपयों को फर्जी कंपनियों में ट्रांसफर कर देते थे।आरोपियों के खातों से लगभग 523 करोड़ रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है।
एसीपी क्राइम प्रीतपाल सिंह सांगवान ने बताया कि इस गैंग का मास्टरमाइंड संजय कथूरिया,संदीप उर्फ मोटा, अजय सहगल उर्फ मोटा उर्फ आलोक कुमार और राकेश कुमार उर्फ राम है। सभी आरोपी देश से बाहर है,इनको गिरफ्तार करने के लिए प्रयास चल रहे है।