हरियाणा के बरोदा सीट पर उप चुनाव तीन नवंबर को

चुनाव आयोग ने आज हरियाणा के बरोदा समेत देशभर के उप चुनावों की घोषणा की
नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने आज हरियाणा के बरोदा समेत देशभर के उप चुनावों की घोषणा कर दी है। उपचुनाव में वोटिंग 3 नवम्बर को होगी जबकि 10 नवंबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किये जायेंगे। आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर उपचुनाव नहीं कराने का फैसला किया है। हरियाणा में सोनीपत के बरोदा हलके में 13 अप्रैल को श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन से यह सीट खाली हुई थी। नियमों के अनुसार, 6 महीनों के भीतर खाली हुई सीट को भरा जाना अनिवार्य है। कोरोना महामारी की वजह से बरोदा का उपचुनाव करीब एक माह देरी से हो रहा है।
इससे पहले केंद्रीय चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा के आमचुनावों का ऐलान किया था। बिहार में तीन चरणों में मतदान होना है। हरियाणा के बरोदा हलके की सीट पर दूसरे चरण यानी 3 नवंबर को वोटिंग होगी। उपचुनाव के नतीजे बिहार के साथ ही 10 नवंबर को घोषित होंगे। यानी बरोदा हलके को नया विधायक दीवाली से पहले मिलेगा। इस बार दीपावली 14 नवंबर को है।
2019 के आमचुनावों में भाजपा बहुमत से 6 सीट दूर रह गई। नब्बे सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा में भाजपा को दूसरी टर्म में 40 ही सीट मिली। हालांकि पार्टी ने ’75 पार’ का नारा दिया था। वहीं कांग्रेस 31 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही। कुछ माह पूर्व ही इनेलो से अलग होकर अस्तित्व में आई दुष्यंत सिंह चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) 10 सीटों पर चुनाव जीती।
भाजपा के अल्पमत में होने की वजह से उसने जेजेपी के साथ गठबंधन करके सत्ता बनाई। 13 अप्रैल को बरोदा से कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा का निधन होने की वजह से यह सीट खाली हुई। नियमों के हिसाब से 12 अक्तूबर तक उपचुनाव होना चाहिए था लेकिन केंद्रीय चुनाव आयोग ने कोरोना महामारी के चलते हरियाणा सहित सभी राज्यों में होने वाले उपचुनाव बिहार के साथ ही करवाने का निर्णय लिया।
चुनावी शैड्यूल
-उपचुनाव के लिए 9 अक्तूबर को नोटिफिकेशन जारी होगा
-16 अक्तूबर तक नामांकन-पत्र दाखिल किए जा सकेंगे
-17 अक्तूबर को नामांकन-पत्रों की छंटनी होगी
-19 अक्तूबर को नामांकन-पत्र वापसी की आखिरी तारीख
-3 नवंबर को बरोदा में उपचुनाव के लिए होगी वोटिंग
-10 नवंबर को घोषित होंगे बरोदा उपचुनाव के नतीजे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *