उप चुनाव : बरोदा में दिवाली किसकी !, 10 नवंबर को जनता करेगी तय

-पार्टी के संभावित उम्मीदवार सक्रीय
-हुड्डा और खट्टर की अग्नि परीक्षा
चंडीगढ़ : बरोदा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे हरियाणा में चुनावी हलचल तेज हो चुकी है। 10 नवंबर को तय हो जाएगा कि इस बार बरोदा की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुन कर किस पार्टी की दिवाली मानवाएगी । कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन के बाद पहली बार बरोदा में उपचुनााव होने जा रहा है। बरोदा विधानसभा क्षेत्र वैसे तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का गढ़ माना जाता है तथा कांग्रेस के श्रीकृष्ण हुड्डा यहां से लगातार तीन बार भी विधायक रह चुके लेकिन इस चुनाव में भाजपा की प्रतिष्ठा पूरी तरह से दाव पर लगी है । एक और प्रदेश के मुखिया की तो दूसरी और पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के लिए ये चुनाव किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है |
बरसों पहले तक हालांकि बरोदा सीट को इनेलो का गढ़ माना जाता था और वर्ष 1977 से 2005 तक ताऊ देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला के प्रत्याशी ही यहां से जीतते रहे। भाजपा का अब तक यहां खाता तक नहीं खुला है। इस बार इनेलो और कांग्रेस के इस गढ़ को भेदने की हर मुमकिन कोशिश में जुटी है लेकिन सीधा मुकाबला सत्तासीन भाजपा और भूपेंदर हुड्डा की कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।
जाट बाहुल बरोदा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा होते ही सत्तारूढ़ भाजपा, विपक्षी दल कांग्रेस, इनेलो के नेता सक्रिय हो गए हैं। संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। बरोदा हलका 2009 में सामान्य हुआ था, इससे पहले आरक्षित था। वर्ष 2019 के चुनाव में श्रीकृष्ण हुड्डा ने भाजपा के उम्मीदवार ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त को 4840 वोटों से हराया था। उपचुनाव में भाजपा यहां अपना परचम लहराने के लिए जी-ताेड़ कोशिश में लगी है। इसके लिए भाजपा पिछले दो महीने से यहां सक्रिय है। प्रदेश के कृषि मंत्री को यहां का प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। इस दौरान भाजपा बरोदा को दो महाविद्यालय देने के अलावा जनता शिक्षण संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा और राइस मिल, आइएमटी केे अलावा करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की भी घोषणा कर चुकी है।
हालांकि अभी तय नहीं है किन्तु भाजपा के संभावित उम्मीदवारों में सबसे ऊपर ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त का नाम है। दत्त 2019 में भाजपा के उम्मीदवार थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। इनके अलावा डॉ. कपूर नरवाल भी भाजपा के प्रबल दावेदारों में हैं। वे 2019 के चुनाव से पहले जजपा छोड़ कर भाजपा में आए थे। डॉ. नरवाल भी इनेलो में रहते हुए बरोदा से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। बरोदा हलका जाट बाहुलह है, इसलिए इनकी संभावना बनती है।
इसी तरह जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन में चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। हालांकि इसके बावजूद पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़ और बरोदा हलका से ही जजपा के पूर्व प्रत्याशी भूपेंद्र मलिक का नाम भी चर्चा में है।
कांग्रेस से पूर्व विधायक स्व. श्रीकृष्ण हुड्डा के बेटे जितेंद्र उर्फ जीता हुड्डा प्रमुख दावेदार हैं। इनके अलावा पूर्व सांसद स्व. किशन सिंह सांगवान के बेटे प्रदीप सांगवान भी प्रबल दावेदार हैं। हलके में किशन सिंह सांगवान की अच्छी पकड़ रही है और अब उनके बेटे प्रदीप के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के परिवार से अच्छे संबंध हैं। पूर्व जिला पार्षद इंदुराज नरवाल, सेवानिवृत्त कर्नल रोहित मोर, मास्टर जगबीर मलिक भी टिकट के दावेदार माने जा रहे हैं।
वही इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के बरोदा हलका के अध्यक्ष जोगेंद्र मलिक उपचुनाव में उम्मीदवार हो सकते हैं। उन्होंने 2019 का चुनाव भी लड़ा था। सुरेंद्र सिरसाढ़ भी इनेलो के प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में बरोदा सीट का उपचुनाव बहुत ही रोचक और कड़े मुकाबले वाला होता नज़र आ रहा है |
बरोदा विधानसभा क्षेत्र – एक नजर में
कुल मतदाता : 1,78,158
पुरुष मतदाता : 97886
महिला मतदाता : 80,272

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *