जिला एवं सत्र न्यायाधीश एम एम धोंचक ने जिला न्यायालय परिसर में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

गुरुग्राम : जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एम एम धोंचक ने आज 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रदीप चौधरी और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनिल कौशिक भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में सभी न्यायिक मैजिस्ट्रेट सहित जिला न्यायालय का स्टाफ भी उपस्थित रहा।
इस मौके पर अपने विचार रखते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एम एम धोंचक ने कहा कि 26 जनवरी एक ऐसा दिन है जो देशवासियों को उन स्मृतियों से रूबरू करवाता है जिनमें हमारे पूर्वजों का देश के प्रति समर्पण और संघर्ष बसता है। आज के दिन हमारे देश का संविधान लागू हुआ और भारत एक गणतांत्रिक देश बना। गणतंत्र दिवस हमें उस दिन की याद दिलाता है जब हमने संविधान को अपने मार्गदर्शक के रुप में स्वीकार किया था। 26 जनवरी 1950 में इसे लागू करके भारत एक लोकतांत्रिक देश बन गया था।
उन्होनें कहा कि 26 जनवरी देश के इतिहास में ऐसी तारीख है जब भारतीय गणतंत्र की नींव रखी गई। आज हमारे देश को प्रभुतासंपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणतंत्र के रूप में जाना जाता है। इस महान् देश के लिए संविधान तैयार करने का कार्य डा. भीमराव अम्बेडकर की अध्यक्षता में हुआ। हमारा संविधान दुनिया में किसी भी देश का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। भारतीय संविधान के निर्माताओं ने विश्व के अनेक संविधानों के अच्छे लक्षणों को अपने संविधान में आत्मसात करने का प्रयास किया है। संविधान सभा ने ही हमारे देश का कानून बनाया है। संविधान निर्माण में कुल 22 समितियों ने योगदान दिया है। डॉ अंबेडकर ने 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में भारत का संविधान बनाया है।”