प्लाट के झगडे में बहा खून, नौ घायल !

गुरुग्राम : सोहना सदर थाना के गांव सांचैली में प्लाट को लेकर दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें लाठी-डंडे चलने से दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्ष से मिली शिकायतों के आधार पर 20 से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गांव सांचैली निवासी खुर्शीद पुत्र रमजान व साहिद पुत्र जुनैद गुट के लोगों में प्लाट को लेकर मंगलवार की दोपहर झगड़ा हो गया। प्लाट पर दोनों ही पक्ष अपना-अपना हक जा रहे हैं। मंगलवार को प्लाट पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान छत का पहल लेंटर डालने का काम चल रहा था। उसी समय दोनों गुटों के लोगों में झगड़ा हो गया। इसके बाद जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले। जिसमें खुर्शीद पक्ष की तरफ से रमजान, कुर्बान व खुर्शीद को चोटें आईं। जबकि दूसरे गुट के नफीस व शाहिद समेत काम कर रहे 4-5 मजदूरों को चोटें आईं। घायलों को सोहना के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश चंद ने बताया कि खुर्शीद व शाहिद की तरफ से मिली शिकायतों के आधार पर दोनों पक्षों के 20 से 25 आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा। उसे तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार किया जाएगा।