हरियाणा में फरवरी के पहले सप्ताह में खुलेंगे 6 से 8वीं कक्षा तक के स्कूल !

चंडीगढ़ : हरियाणा में कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए फरवरी के पहले सप्ताह में स्कूलों को एक बार फिर खोल दिया जाएगा। हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कहा, ”कोविड के मामले धीरे-धीरे कम हो रहे हैं और स्थिति में सुधार हुआ है। इसके अलावा, कोविड-19 टीकाकरण अभियान भी शुरू हो गया है, इसलिए हमने फरवरी के पहले सप्ताह से कक्षा छह से आठवीं के लिए स्कूलों को फिर से खोलने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं को शुरू करने पर बाद में फैसला लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूलों को मास्क, सैनिटाइजर और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के संबंध में सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
कोविड-19 महामारी के कारण छह महीनों तक बंद रहने के बाद हरियाणा में स्कूलों को नौंवी कक्षा से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सितंबर के मध्य में आंशिक रूप से खोला गया था। कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी होने के बाद हरियाणा सरकार ने नवंबर में सभी स्कूलों को बंद कर दिया था। दिसंबर के मध्य में स्कूलों को उच्च कक्षाओं के लिए फिर से खोला गया था।