यमुनानगर में आढ़ती पर हमला कर लूट लिए करीब दस लाख रुपये !

यमुनानगर : यमुनानगर में बदमाशों ने एक आढ़ती से नौ लाख 50 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने आढ़ती पर हमला भी किया, जिससे घायल हो गया। उसे निजी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।
यमुनानगर लक्कड़ मंडी के आढ़ती ओमबीर सिंह से बदमाशों ने हमला कर 9 लाख 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात सोमवार सुबह हुई। सुबह घने कोहरे का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले। घायल आढ़ती को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
खजुरी निवासी ओमवीर सिंह की मित्तल पेट्रोल पंप के पास निवारक टिंबर के नाम से दुकान है। यहां पर वह लक्कड़ का कार्य करते हैं। सुबह गांव से कार में दुकान पर आए थे। जब यहां कार से उतरे तभी पीछे से बदमाशों ने उन पर किसी भारी चीज से वार कर दिया, जिससे वह नीचे गिर पड़े। इतने में बदमाश उनका बैग लेकर भाग निकले।
ओमवीर सिंह ने बताया कि बैग में साढ़े नौ लाख रुपये, पर्चियां और एटीएम कार्ड थे। वारदात की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।