फतेहाबाद के पूर्व विधायक चौधरी बलबीर सिंह का निधन
फतेहाबाद : फतेहाबाद के पूर्व विधायक चौधरी बलबीर सिंह का सोमवार सुबह निधन हो गया है। वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। जीवनपर्यन्त ईमानदारी के प्रतीक, दंबग, बेदाग छवि के मालिक रहे बलबीर सिंह चौधरी 1987 में फतेहाबाद से भाजपा के विधायक चुने गए थे। शुरू से आरएसएस के कार्यकर्ता रहे स्व. बलबीर चौधरी जनसंघ की स्थापना से राजनीति में सक्रिय रहे। कांग्रेस शासनकाल में लगी एमरजेंसी का उन्होंने मुखर विरोध किया था। सन् 1975 में आपातकाल के दौर में भी उन्होंने फतेहाबाद के साथ-साथ हिसार में अपनी गतिविधियां जारी रखी। तब हिसार में मधुबन पार्क के निकट हुई कांग्रेस की रैली में घुसकर काले झंडे लहराये और आपातकाल का विरोध किया। हरियाणा के कद्दावर भाजपा नेता मंगलसेन के करीबी साथी रहे चौधरी बलबीर सिंह ने हिंदी आंदोलन, राम जन्मभूमि आंदोलन, एसवाईएल सहित जनहित के अनेक आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई। उनके निधन पर फतेहाबाद से मौजूदा विधायक दुड़ाराम, चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला सहित अनेक राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने शोक व्यक्त किया।