सांत्वना देने जा रही प्रियंका गांधी को गिरफ्तार किया तो मंत्री के बेटे को क्यों नहीं: निकिता अरोड़ा

गुरूग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का यह कहना कि लठ उठाओ और जेल की परवाह न करो, जैसे को तैसा करो बहुत ही निंदनीय है। मुख्यमंत्री के बयान से यह है सिद्ध होता है कि सरकार किसानों को उकसाकर देश व प्रदेश में आपसी भाईचारा खराब करने में लगी हुई है और हरियाणा में हिंसा को बढ़ावा दे रही है। यह बात प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता निकिता अरोड़ा ने कही। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश का किसान अपनी मांगों को मनवाने के लिए शांतिप्रिय आंदोलन कर रहा है और केंद्र व प्रदेश सरकार उनसे बातचीत करने की बजाए, आंदोलन को समाप्त करवाने की बजाए उनके साथ हिंसा करने की रणनीति बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों को उकसाने की बजाए तीन कृषि कानून को रद्द कर समस्या का हल निकालना चाहिए ताकि देश व प्रदेश में अमन व शांति बनी रहे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुख्यमंत्री ही किसानों के खिलाफ लठ उठाने की बात करके किसानों को भड़काएगा तो राज्य में अपने आप भाईचारा खराब होगा। अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने बयान के लिए किसान व जनता से माफी मांगनी चाहिए।
अरोड़ा ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी क्षेत्र में केंद्रीय राज्य गृह मंत्री के बेटे द्वारा गाड़ी चढ़ाने से हुई किसानों की मौत पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे कृत्य करने वाले व्यक्ति की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्या यही भाजपा सरकार के अच्छे दिन हैं? क्या ऐसे भारत को विश्व गुरू बनाएगी यह सरकार? उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता, उसके कार्यकर्ता एक बेहद ही घटिया रणनीति के तहत ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। निकिता अरोड़ा ने कहा कि लखीमपुर पुलिस द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को लखीमपुर ना जाने देना बहुत ही निंदनीय व्यवहार है।
अरोड़ा ने कहा कि मृतकों को सांत्वना देने जा रही प्रियंका गांधी को गिरफ्तार करने में पुलिस ने जैसी तीव्रता दिखाई है, वैसी किसानों पर गाड़ी चलाने वाले केंद्रीय राज्य गृह मंत्री के बेटे को गिरफ्तार करने में क्यों नहीं दिखाई? उन्होंने कहा कि पुलिस का यह दोगलापन स्पष्ट करता है कि कानून की पालना करने वाले अब कानून की नहीं केवल ‘राज’ की ही जी हजूरी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को स्वयं इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए और आरोपी को संरक्षण देने की बजाए उसकी तुरंत गिरफ्तारी करवानी चाहिए।