दिल्ली में रेमडेसिविर का झांसा देकर ठगने वाला नाइजीरियाई युवक गिरफ्तार !
नई दिल्ली : नाइजीरिया के 41 वर्षीय एक व्यक्ति को दक्षिणी दिल्ली के खानपुर इलाके में रेमडेसिविर इंजेक्शन की सप्लाई करने का झांसा देकर लोगों से कथित धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चियूकीम डेनियल पी ई को एक पीड़ित की शिकायत के आधार पर किराये के मकान से गिरफ्तार किया गया। पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन के लिए एडवांस पेमेंट करने के बाद भी आरोपी ने उसकी सप्लाई नहीं की।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसका एक परिचित कोविड-19 से पीड़ित था और तत्काल तीन रेमडेसिविर इंजेक्शन की जरूरत थी और डॉक्टरों ने उसे इसकी व्यवस्था करने की सलाह दी थी। जब वह इसे खरीद पाने में विफल रहा तो सोशल मीडिया से मिले एक नंबर पर संपर्क किया। आरोपी प्रति इंजेक्शन 25,000 रुपये की दर से देने पर सहमत हुआ और इसके लिए अग्रिम 10,000 रुपये की मांग की और इसके भुगतान के बाद भी उसने इंजेक्शन की सप्लाई नहीं की।
पुलिस ने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत बुधवार को मोहन गार्डन पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया और जांच के बाद धोखाधड़ी के आरोपी नाइजीरियाई नागरिक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।