देश

फरीदाबाद की सुबोध जोशी बनी यूपी में जिला पंचायत अधिकारी !

फरीदाबाद : सेक्टर-7 डी निवासी बीपी जोशी की होनहार पुत्री सुबोध जोशी ने यूपीपीएससी (उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग) की परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। लखनऊ में प्रशिक्षण के बाद सुबोध को उत्तर प्रदेश के किसी जिले की जिला पंचायत अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिलेगी। सुबोध की सफलता पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक नयनपाल रावत, नीरज शर्मा, सीमा त्रिखा ने बधाई दी है।
जामिया मिलिया इस्लामिया कालेज से 2010 में बायो कैमेस्ट्री में एमएससी स्वर्ण पदक के साथ पूरी करने वाली सुबोध जोशी ने इससे पहले चार बार यूपीपीएससी की परीक्षा दी थी, दो बार साक्षात्कार तक भी पहुंचीं, पर सफलता हासिल न हो सकी। निराश होने की बजाय सुबोध ने फिर से नए सिरे से तैयारी की और अबकी बार सफलता हासिल कर ही ली।
सुबोध कहती हैं कि 2015 में प्रशासनिक सेवा में जाने की नीयत से तैयारी शुरू की थी। पिता बीपी जोशी व माता संतोष ने हर कदम पर हौसला बढ़ाया। संतोष जोशी कहती है कि बेटी की लगातार असफलता ने उन्हें मायूस कर दिया था और मुस्कुराना तो भूल ही गई थीं। हर बार परिणाम का बड़ी उत्सुकता से इंतजार करते थे, इस बार भी परिणाम को लेकर उत्सुक थे और अब चैत्र नवरात्र से ठीक पहले परिणाम घोषित हुआ, तो मां दुर्गा के आशीर्वाद से बेटी सुबोध की मेहनत सफल होने की सूचना आई। अब संतोष जोशी के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।