आइपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते तीन गिरफ्तार !
हिसार : सिटी थाना पुलिस ने पड़ाव चौक स्थित एक मकान से तीन लोगों को आइपीएल मैच पर सट्टा लगाते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी की तो तीन युवक क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते मिले।
पुलिस को सूचना मिली कि पड़ाव निवासी सत्यनारायण उर्फ सतू अपने मकान के चौबारे पर मुंबई इंडियन और कोलकाता नाइट राइडर के बीच चल रहे आइपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहा है। उस दौरान पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान पर छापेमारी की। वहां तीन युवक अपने-अपने मोबाइलों पर बातचीत करते हुए क्रिकेट मैच पर सट्टे के मोल भाव बता रहे थे। पुलिस ने मौके पर तीनों युवकों को काबू करके नाम पता पूछा तो एक युवक ने अपना नाम पड़ाव निवासी सत्यनारायण उर्फ सतू बताया। दूसरे ने संत नगर निवासी राजेश और तीसरे ने लाहौरिया चौक निवासी राजेश कुमार बताया।
पुलिस ने मौके से एक एलईडी-रिमोट, एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, एक्सटेंशन बोर्ड, एक राउटर वाई-फाई और 14000 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया की वे सभी क्रिकेट बुकी सट्टा का काम कर रहे थे और लगाई हुई रकम जीतने पर सट्टा लगाने वाले व्यक्ति को दोगुने रुपये देते हैं और अगर सट्टा लगाने वाला हार जाए तो उनके रुपये बच जाते हैं।
